भुच्चो मंडी में अकाली दल नेता के बेटे पर जानलेवा हमला, आंख में गंभीर चोट; क्यों आया AAP का नाम?
भुच्चो मंडी में अकाली दल नेता दर्शना देवी गर्ग के बेटे जयदीप कुमार पर जानलेवा हमला हुआ, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट आई। ...और पढ़ें

अकाली दल नेता दर्शना देवी गर्ग के बेटे जयदीप कुमार पर जानलेवा हमला (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, बठिंडा। भुच्चो मंडी में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं नगर समिति भुच्चो की पूर्व प्रधान दर्शना देवी गर्ग के बेटे जयदीप कुमार पर हुए जानलेवा हमले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
अकाली दल नेताओं ने इस घटना को राजनीतिक रंजिश और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था से जोड़ते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं और समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कुछ कुछ अज्ञात हमलावरों ने जयदीप कुमार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई और शरीर पर कई गहरी चोटें आईं।
फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर हालचाल जाना और जयदीप के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अकाली दल नेताओं ने बताया कि दर्शना देवी गर्ग के पति नरदीप गर्ग वार्ड नंबर-2 भुच्चो से पार्टी उम्मीदवार हैं।
आरोप लगाया गया कि जिस दिन उन्होंने अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया, उसी शाम यह हमला हुआ। नेताओं ने कहा कि यह घटना विरोधियों की बौखलाहट और पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती है। पार्टी नेतृत्व ने जिला पुलिस प्रमुख से आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही चेतावनी दी गई कि राजनीतिक हिंसा और गुंडागर्दी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिरोमणि अकाली दल ने कहा कि पार्टी अपने हर कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हर संघर्ष के लिए तैयार है।