Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा को नए रेलवे ओवरब्रिज की सौगात, ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति; दीवाली तक अमरपुरा बस्ती प्रोजेक्ट होगा पूरा

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 06:29 PM (IST)

    बठिंडा में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए नए रेलवे ओवरब्रिज बनाने की पहल शुरू हुई है, साथ ही अमरपुरा बस्ती ओवरब्रिज दिवाली तक पूरा होगा। ...और पढ़ें

    जानकारी देते बठिंडा के मेयर। फोटो जागरण

    जानकारी देते बठिंडा के मेयर। फोटो जागरण

    HighLights

    1. बठिंडा में नए रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की पहल शुरू हुई।

    2. अमरपुरा बस्ती ओवरब्रिज दिवाली तक पूरा करने का लक्ष्य।

    3. सर्किट हाउस आधुनिकीकरण, जलभराव व बिजली समस्याओं का समाधान।

    जागरण संवाददा, बठिंडा। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने नए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की दिशा में पहल शुरू कर दी है। मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने बताया कि बठिंडा-फिरोजपुर तथा बठिंडा-श्रीगंगानगर रेलवे लाइन पर नए आरओबी के निर्माण को लेकर रेलवे अधिकारियों और रेल मंत्रालय के साथ बातचीत शुरू की गई है।

    उन्होंने कहा कि प्रस्तावित आरओबी बनने से परसराम नगर, प्रताप नगर, जनता नगर और गुरुकुल नगर समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रेलवे फाटकों पर लंबे समय तक इंतजार करने की समस्या से राहत मिलेगी। मेयर ने बताया कि करीब 116 करोड़ रुपये की लागत वाला अमरपुरा बस्ती ओवरब्रिज प्रोजेक्ट लंबे समय से अधूरा पड़ा है।

    नगर निगम ने निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्णय लिया है। परियोजना में मौजूद तकनीकी कमियों की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम निरीक्षण करेगी। सभी आवश्यक सुधार पूरे कर पुल को दिवाली तक आम लोगों के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।

    नवीनीकरण का कार्य जल्द शुरू

    उन्होंने बताया कि मालवा क्षेत्र तथा अन्य राज्यों से आने वाले अधिकारियों और विशिष्ट मेहमानों की सुविधा के लिए बठिंडा सर्किट हाउस का दो करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके नवीनीकरण का कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। मानसा रोड पुल के पास जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) से संपर्क किया गया है।

    खबरें और भी

    वहीं, भट्टी रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में बिजली के खंभों में करंट आने की शिकायतों के समाधान के लिए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन के साथ संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। मेयर ने कहा कि हालिया बारिश के दौरान सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद निगम अधिकारियों और पार्षदों ने जलनिकासी व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।

    शहर के कुछ बाजारों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम मास्टर प्लान तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनने के बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है।