Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    36 घंटे में सुलझा बठिंडा ब्लाइंड मर्डर केस, ठेका कर्मचारी की हत्या करने वाले दो आरोपी हथियार समेत गिरफ्तार

    Updated: Sun, 14 Jun 2026 04:44 PM (IST)

    बठिंडा पुलिस ने गांव बाजक में 65 वर्षीय ठेका कर्मचारी की हत्या का मामला 36 घंटे में सुलझा लिया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ ...और पढ़ें

    पुलिस टीम के साथ पकड़े गए आरोपी।

    पुलिस टीम के साथ पकड़े गए आरोपी।

    HighLights

    1. बठिंडा पुलिस ने 36 घंटे में हत्या का खुलासा किया।

    2. दो आरोपी गोबिंद सिंह और हरप्रीत सिंह गिरफ्तार किए गए।

    3. हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, दातर, मोटरसाइकिल बरामद हुई।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा पुलिस ने गांव बाजक में हुए 65 वर्षीय ठेका कर्मचारी नैब सिंह की हत्या के मामले का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, दातर और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

    रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (जांच) जसमीत सिंह ने बताया कि थाना नंदगढ़ में 10 जून 2026 को हत्या का मामला दर्ज किया गया था। गांव बाजक निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके पिता नैब सिंह गांव में शराब के ठेके पर कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। नौ और दस जून की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्तियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी।

    यह भी पढ़ें- संगरूर में तेज रफ्तार बस की टक्कर से महिला की मौत, पति और बच्चा घायल

    मोबाइल फोन डाटा से निकला क्लू

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष जांच टीमें गठित कीं। पुलिस उपाधीक्षक ग्रामीण, पुलिस उपाधीक्षक (जांच), थाना नंदगढ़ और सीआईए-1 की संयुक्त टीमों को जांच में लगाया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल फोन डाटा और मानव खुफिया तंत्र की सहायता ली गई।

    लगातार जांच और निगरानी के बाद पुलिस ने 11 जून की शाम दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान गोबिंद सिंह उर्फ सिंदा सिंह और हरप्रीत सिंह उर्फ जुगनू, दोनों निवासी नंदगढ़, के रूप में हुई है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- बठिंडा के पूर्व भाजपा लीगल सेल प्रधान व वकील मुंशी समेत गिरफ्तार, आइस ड्रग और हेरोइन बरामदगी से सनसनी

    हथियार व मोटरसाइकिल पुलिस ने किया बरामद

    पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों और वाहन के बारे में जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक लोहे की कुल्हाड़ी, एक लोहे का दातर तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद हथियारों का इस्तेमाल नैब सिंह की हत्या में किया गया था। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को लेकर आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं।

    आरोपियों पर पहले भी मामले दर्ज

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी गोबिंद सिंह के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं और एक मामले में वह भगोड़ा भी घोषित है। वहीं दूसरे आरोपी हरप्रीत सिंह के खिलाफ भी चार मामले दर्ज बताए गए हैं।

    पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के दौरान आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। इस त्वरित कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता बताया है।

    यह भी पढ़ें- तरनतारन में पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक, साले ने पेट्रोल डालकर लगाई आग; नाले में कूदकर बचाई जान