पता पूछने के बहाने महिलाओं को बनाया निशाना, बठिंडा में चोरी की बाइक पर आए झपटमार ने दो जगह बालियां छीनीं
बठिंडा में चोरी की मोटरसाइकिल पर आए झपटमार ने पता पूछने के बहाने दो महिलाओं के कानों से सोने की बालियां छीन लीं। दोनों वारदातें सीसीटीवी कैमरों में कै ...और पढ़ें

सीसीटीवी में कैद हुआ स्नैचर।
HighLights
झपटमार ने चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया।
पता पूछने के बहाने महिलाओं को निशाना बनाया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की जा रही है।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा में दिनदहाड़े एक शातिर झपटमार ने चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया। आरोपी ने दोनों वारदातों में एक ही तरीका अपनाया। पहले उसने महिलाओं से पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की और जैसे ही उन्हें भरोसा हुआ, उनके कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गया।
दोनों घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुईं, लेकिन आरोपी की कार्यशैली एक जैसी होने से पुलिस को आशंका है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही व्यक्ति का हाथ है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है।
पहली वारदात थाना सिविल लाइन क्षेत्र की चंदसर बस्ती में हुई। पीड़ित बुजुर्ग महिला ने पुलिस को बताया कि वह शाम करीब सात बजे गली से गुजर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक उनके पास आया और एक पते के बारे में पूछताछ करने लगा। महिला जैसे ही उसे रास्ता समझाने लगीं, आरोपी ने अचानक उनके कानों से सोने की बालियां झपट लीं और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें- 'सतलुज' फिल्म विवाद में हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा- यह प्रॉक्सी पिटिशन; वापस लेनी पड़ी जनहित याचिका
चोरी के मोटरसाइकिल पर की स्नैचिंग
इसके कुछ समय बाद दूसरी वारदात मॉडल टाउन फेज-एक स्थित एलआईजी क्वार्टर के पास हुई। यहां घर के बाहर बैठी सुनीता रानी के पास भी वही युवक पहुंचा। उसने पहले बातचीत कर उन्हें बातों में उलझाया और फिर अचानक उनके कान से सोने की बाली छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह तेजी से भाग निकला।
खबरें और भी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर रहा था, वह भी चोरी की थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार 14 जुलाई को जैतो के सरकारी अस्पताल के बाहर से एक मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। आशंका है कि उसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल दोनों झपटमारी की घटनाओं में किया गया। पुलिस अब चोरी की मोटरसाइकिल और झपटमारी की दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस ने स्नैचर की खोज की शुरू
दोनों वारदातें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां और उसकी मोटरसाइकिल स्पष्ट दिखाई देने की बात कही जा रही है। इसके अलावा पुलिस आसपास के क्षेत्रों के अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के भागने के रास्ते और उसकी पहचान से जुड़े अन्य सुराग जुटाए जा सकें।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में आज 31 जगहों पर रहेगा रूट डायवर्ट, PM मोदी के दौरे से पहले बदले लुधियाना-अमृतसर और होशियारपुर के रास्ते