बठिंडा शहर के व्यस्त इलाके में नशे का खेल; इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने से कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
बठिंडा के माल रोड पर दिनदहाड़े नशे की खुलेआम बिक्री का मामला सामने आया है। एक वायरल वीडियो में लोग पैसे लेकर पुड़िया बेचते दिख रहे हैं। आरोप है कि बंद ...और पढ़ें
HighLights
बठिंडा के माल रोड पर दिनदहाड़े नशे की बिक्री।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ नशे की सप्लाई का वीडियो।
पुलिस ने जांच शुरू की, सिविल वर्दी में टीम तैनात।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा शहर के माल रोड पर व्यस्त माल रोड इलाके में कथित तौर पर दिनदहाड़े नशे की सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में कुछ लोग खुलेआम पैसे लेकर पुड़िया देते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि सुबह से लेकर शाम तक यहां खुलेआम नशे की सप्लाई की जा रही है। माल रोड पर बंद पड़ी पर्ल कंपनी के माल के आसपास का इलाका कथित तौर पर नशा तस्करों का सुरक्षित अड्डा बन चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां दिनभर बाइक, ई-रिक्शा, ऑटो, साइकिल और पैदल आने-जाने वालों की संदिग्ध भीड़ लगी रहती है।
कुछ ही मिनटों में “सौदा” होता है और लोग आगे बढ़ जाते हैं। यह सिलसिला पूरे दिन जारी रहता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मछली मार्केट के पास स्थित आटो स्टैंड को इस नेटवर्क का मुख्य केंद्र बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- एयरलिफ्ट कर मोहाली लाए गए मुख्यमंत्री मान; संगरूर में बिगड़ी सेहत, डॉक्टरों की निगरानी में जांच जारी
नशे की पुडिया हो रही सप्लाई
सूत्रों के अनुसार, यहीं से नशे की छोटी-छोटी खेप की सप्लाई की जाती है। रविवार को इस नशे का खेल का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें साफ देखा जा रहा है कि नशा तस्कर सरेआम पैसे लेकर नशे की पुडिया सप्लाई कर रहे है। सवाल यह उठता है कि इतने व्यस्त इलाके में, जहां रोज़ाना हजारों लोग गुजरते हैं, वहां यह सब आखिर किसकी निगरानी में हो रहा है।
खबरें और भी
सबसे बड़ा सवाल कानून-व्यवस्था पर है। क्या प्रशासन को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसायटी के प्रधान सोनू माहेश्वरी का आरोप है कि नशे का यह खुला कारोबार नई पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल रहा है।
यह भी पढ़ें- भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद खन्ना अकाली दल में शामिल; संगरूर की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत
पुलिस से कार्रवाई की मांग
शहर के बीचों-बीच चल रहा यह कथित अवैध कारोबार नशे के खिलाफ शुरू अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़े कर रहा है। अगर मुख्य सड़क पर दिनदहाड़े यह स्थिति है, तो अंदरूनी इलाकों का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने मांग की कि पुलिस तुरंत सख्त कार्रवाई करे। इलाके में लगातार पुलिस गश्त, सीसीटीवी निगरानी और विशेष अभियान चलाकर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जाए।
थाना कोतवाली के एसएचओ इंस्पेक्टर परविंदर सिंह का कहना है कि उनके पास भी वीडियो आई है। वह इसकी जांच करवा रहे है। पीसीआर के साथ मिलकर एक टीम गठित की गई, जोकि सिविल वर्दी में उक्त इलाके में तैनात की गई है,ताकि वह नशा सप्लाई करने वाले तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया जा सके। जल्द ही उक्त तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।