Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बठिंडा में पुरानी रंजिश का खौफनाक अंत! पूर्व फौजी ने घर में घुसकर मारी गोली, जांच शुरू

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 02:34 PM (IST)

    बठिंडा के गांव लेलेवाला में पुरानी रंजिश के चलते पूर्व फौजी पर घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति को गोली मारने का आरोप लगा है। घायल का अस्पताल में इलाज चल र ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा जिले के गांव लेलेवाला में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के ही एक पूर्व फौजी ने देर रात घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने कथित तौर पर गोली चलाई, जो पीड़ित की गर्दन के पिछले हिस्से में जा लगी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

    उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बेहतर उपचार के लिए अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक, लेकिन स्थिर बनी हुई है। घायल गुरजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह रात के समय अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी और उसकी गर्दन के पीछे तेज दर्द महसूस हुआ। गोली लगने के बाद वह बुरी तरह घायल होकर वहीं गिर पड़ा।

    यह भी पढ़ें- बारिश में नहीं होगी भागदौड़, लुधियाना नगर निगम ने शुरू की मानसून हेल्पलाइन; एक कॉल पर दर्ज होगी हर शिकायत

    आवाज सुन परिवार पहुंचा कमरे में

    गोली की आवाज सुनकर उसकी पत्नी सुखवीर कौर और बेटी हरमनदीप कौर मौके पर पहुंचीं। दोनों ने देखा कि गुरजीत सिंह खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि मौके पर गांव का रहने वाला पूर्व फौजी गुरप्रेम सिंह मौजूद था। जब उसकी पत्नी और बेटी ने आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की तथा वहां से फरार हो गया।

    घायल ने पुलिस को बताया कि आरोपित ने अपने पास मौजूद हथियार से उसे जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। वारदात के बाद परिवार के सदस्य और आसपास के लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- पंजाब पर गृह मंत्री शाह का फोकस, नए प्रभारी की नियुक्ति के मिले संकेत; 2027 चुनाव से पहले भाजपा खेलेगी बड़ा दांव

    बयानों के आधार पर कार्रवाई शुरू

    मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

    मामले की जांच कर रहे सहायक उपनिरीक्षक राम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

    गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

    पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद वारदात के पीछे की वास्तविक वजह, घटना की पूरी योजना और अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

    यह भी पढ़ें- फिल्म 'सतलुज' पर बैन से भड़की SGPC, केंद्र के खिलाफ खोला मोर्चा; प्रधान बोले- सच छुपाने की हो रही कोशिश