विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में महिला गिरोह का बढ़ता खौफ, 24 घंटे में दूसरी वारदात; अब प्रवासी मजदूर से लूट

Published: Sun, 03 May 2026 03:14 PM (IST)

बठिंडा में महिला गिरोह ने 24 घंटे में दूसरी वारदात कर प्रवासी मजदूर से लूटपाट की। कुछ सामान लौटाकर आरोपी ...और पढ़ें

HighLights

  1. बठिंडा में महिला गिरोह का आतंक, दूसरी वारदात।

  2. ई-रिक्शा में प्रवासी मजदूर से मारपीट, लूटपाट।

  3. पुलिस कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा शहर में इन दिनों एक कथित महिला गिरोह का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। महज 24 घंटे के भीतर दूसरी वारदात को अंजाम देकर इस गिरोह ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामले में ई रिक्शा में सवार महिलाओं ने एक प्रवासी मजदूर को निशाना बनाकर उससे मारपीट की और नकदी व मोबाइल छीन लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित राम कुमार बिहार जाने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह रास्ते में एक नीले रंग के ई रिक्शा में सवार हुआ। आरोप है कि रिक्शा में पहले से मौजूद महिलाओं ने उसे अपने जाल में फंसा लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर घेर लिया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसकी जेब से करीब 14 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया गया।

यह भी पढ़ें- तरनतारन में डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के सामने राइस मिल में भीषण आग, बारिश के बीच आसमानी बिजली ने मचाई तबाही

भीड़ देख पैसे व मोबाइल छोड़ भागी महिला

घटना के दौरान पीड़ित ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपित महिलाएं घबरा गईं और जल्दबाजी में मोबाइल व कुछ नकदी वापस कर मौके से फरार हो गईं। हालांकि बाद में गिनती करने पर पता चला कि पीड़ित के करीब 6 हजार रुपये अभी भी गायब हैं।

इस घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने ई रिक्शा का वीडियो भी बना लिया, जो अब इंटरनेट माध्यम पर तेजी से फैल रहा है। बताया जा रहा है कि इस वीडियो में रिक्शा का नंबर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से लोगों में नाराजगी है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में सीमा पार हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार; विदेशी पिस्तौल बरामद

बीते दिन महिला हुई थी शिकार

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी गिरोह ने एक महिला सहित अन्य लोगों को निशाना बनाया था। एक मामले में थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज है, लेकिन आरोपित अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। लगातार हो रही घटनाओं से शहर में भय का माहौल बन गया है।

नौजवान वेलफेयर सोसायटी के प्रधान सोनू महेश्वरी ने पुलिस प्रशासन से जल्द सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस गिरोह को नहीं पकड़ा गया तो इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। उन्होंने लोगों से भी सतर्क रहने और अनजान लोगों पर भरोसा न करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में सियासी हलचल तेज, भाजपा ने राज्यपाल के सामने रखी जांच की मांग; सुरक्षा और पुलिस पर उठे सवाल