बठिंडा निकाय चुनाव का बिगुल, 26 मई को मतदान, 225 वार्डों में 3.66 लाख मतदाता तय करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत
बठिंडा जिले में 26 मई को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें 3.66 लाख मतदाता 225 वार्डों के लिए मतदान करेंगे। ...और पढ़ें
-1778750430950_m.webp)
बठिंडा निकाय चुनाव का बिगुल (फाइल फोटो)
HighLights
26 मई को बठिंडा में निकाय चुनाव।
3.66 लाख मतदाता 225 वार्डों में डालेंगे वोट।
सुरक्षा और सुविधाओं के साथ तैयारियां पूरी।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा जिले में 26 मई को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां पूरी तरह तेज हो गई हैं। नगर निगम, नगर कौंसिलों और नगर पंचायतों के चुनाव के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिले के कुल 225 वार्डों में मतदान कराया जाएगा, जिसके लिए 406 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। चुनाव में कुल 3,66,750 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,90,324 पुरुष, 1,76,412 महिला तथा 14 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
जिला प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, मतदान केंद्रों पर सुविधाएं तथा कर्मचारियों की नियुक्ति संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने क्या कहा?
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की जा रही है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
जिले में सबसे अधिक मतदाता नगर निगम बठिंडा क्षेत्र में हैं। नगर निगम के 50 वार्डों के लिए 216 मतदान बूथ बनाए गए हैं। यहां कुल 2,31,611 मतदाता वोट डालेंगे। निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। शहर के विभिन्न इलाकों में जनसभाएं, डोर-टू-डोर संपर्क और बैठकों का दौर लगातार जारी है।
खबरें और भी
इसके अलावा नगर कौंसिल मौड़ में 17 वार्डों के लिए 29 बूथ बनाए गए हैं, जहां कुल 24,644 मतदाता हैं। नगर कौंसिल रामां में 15 वार्डों के लिए 18 बूथ बनाए गए हैं और यहां 16,365 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं नगर कौंसिल भुच्चो, गोनियाना, कोटफत्ता और संगत में भी चुनावी सरगर्मियां बढ़ चुकी हैं।
नगर पंचायतों में क्या हुआ?
नगर पंचायतों की बात करें तो भगता भाईका, कोटशमीर, नथाना, लहरा मोहब्बत, भाईरूपा, मेहराज, कोठागुरु और मलूका में भी उम्मीदवार लोगों के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। स्थानीय मुद्दों जैसे सफाई व्यवस्था, पेयजल, सीवरेज, सड़कें और स्ट्रीट लाइट चुनाव प्रचार के प्रमुख विषय बने हुए हैं।
प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इसी के साथ तलवंडी साबो के वार्ड नंबर 13 में उपचुनाव भी कराया जाएगा।
इस वार्ड में कुल 1,236 मतदाता हैं, जिनमें 659 पुरुष और 577 महिला मतदाता शामिल हैं। उपचुनाव को लेकर भी प्रशासन ने अलग से तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
| निकाय का नाम | वार्ड | बूथ | पुरुष वोटर | महिला वोटर | थर्ड जेंडर | कुल वोटर |
| नगर निगम बठिंडा | 50 | 216 | 1,19,452 | 1,12,152 | 7 | 2,31,611 |
| नगर कौंसिल भुच्चो | 13 | 13 | 6,624 | 2,008 | 0 | 12,632 |
| नगर कौंसिल गोनियाना | 13 | 13 | 6,519 | 6,028 | 0 | 12,547 |
| नगर कौंसिल कोटफत्ता | 11 | 11 | 3,231 | 2,990 | 0 | 6,221 |
| नगर कौंसिल मौड़ | 17 | 29 | 13,013 | 11,629 | 2 | 24,644 |
| नगर कौंसिल रामां | 15 | 18 | 8,604 | 7,759 | 2 | 16,365 |
| नगर कौंसिल संगत | 9 | 9 | 1,100 | 965 | 1 | 2,066 |
| नगर पंचायत भगता भाईका | 13 | 13 | 5,263 | 4,801 | 2 | 10,066 |
| नगर पंचायत कोटशमीर | 13 | 13 | 3,906 | 3,539 | 0 | 7,445 |
| नगर पंचायत नथाना | 11 | 11 | 3,195 | 2,927 | 0 | 6,122 |
| नगर पंचायत लहरा मोहब्बत | 11 | 11 | 2,895 | 2,659 | 0 | 5,554 |
| नगर पंचायत भाईरूपा | 13 | 13 | 5,298 | 4,732 | 0 | 10,030 |
| नगर पंचायत मेहराज | 13 | 13 | 4,789 | 4,398 | 0 | 9,187 |
| नगर पंचायत कोठागुरु | 11 | 11 | 3,553 | 3,236 | 0 | 6,789 |
| नगर पंचायत मलूका | 11 | 11 | 2,223 | 2,012 | 0 | 4,235 |
| कुल योग | 225 | 406 | 1,90,324 | 1,76,412 | 14 | 3,66,750 |