विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बठिंडा में नेश के खिलाफ निहंगों ने खोला मोर्चा, देह व्यापार के खिलाफ सड़कों पर उतरे; प्रशासन को दी चेतावनी

Published: Sat, 26 Sep 2026 05:04 PM (IST)

तलवंडी साबो में तरना दल के निहंग सिंहों ने नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चेतनावृत्ति मार्च निकाला। नशा तस्करों को तत्काल कारोबार बंद करने की चेतावनी दी गई।

जागरण संवाददाता, तलवंडी साबो (बठिंडा)। पंजाब सरकार की ओर से पवित्र शहर का दर्जा प्राप्त तलवंडी साबो में नशे के काले कारोबार और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अब धार्मिक एवं सामाजिक संगठन सीधे मैदान में उतर आए हैं। तरना दल के निहंग सिंहों ने शहर की मर्यादा बचाने और युवाओं को बर्बादी से रोकने के लिए जोरदार बिगुल बजा दिया है।

तरना दल के जत्थेदार सरबजीत सिंह की अगुआई में निहंग सिंहों ने पूरे शहर में चेतनावृत्ति मार्च निकाला और नशा बेचने वालों को तत्काल अपना काला कारोबार बंद करने का कड़ा संदेश दिया। मार्च के दौरान निहंग सिंहों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी की पावन धरती पर नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नशा तस्करों को सीधे लहजे में चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि वे समय रहते यह अवैध धंधा बंद कर दें, अन्यथा तरना दल के निहंग सिंह अपने पारंपरिक और कड़े तरीकों से इसे रोकने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान शहरवासियों को भी नशे के खिलाफ एकजुट होने और जागरूक रहने का आह्वान किया गया।

यह भी पढ़ें- त्योहारों से पहले माहौल खराब करने की कोशिश! अमृतसर में दीवारों पर लिखे देशविरोधी नारे, पुलिस ने साफ करवाए

धार्मिक नगरी की मर्यादा को पहुंच रही ठेस

नशे के अलावा निहंग सिंहों ने शहर के कुछ होटलों और कथित तौर पर रिहायशी मकानों में चलाए जा रहे देह व्यापार के धंधे पर भी कड़ा ऐतराज जताया। जत्थेदार सरबजीत सिंह ने कहा कि तलवंडी साबो का एक महान ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व चंद पैसों के लालच में इसकी साख को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

उन्होंने स्थानीय पुलिस और नागरिक प्रशासन से मांग की कि ऐसे अवैध धंधों में लिप्त लोगों के खिलाफ बिना किसी देरी के सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

यह भी पढ़ें- मोगा में सड़क हादसे में प्रॉपर्टी एडवाइजर की मौत, सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान

नशा समाज को खोखला कर रहा

तरना दल के जत्थेदार ने कहा कि आज नशा हमारे समाज की जड़ों को खोखला कर रहा है और युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकार में धकेल रहा है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए सिर्फ सरकारी अमला काफी नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने आसपास नशा बेचने वालों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। निहंग सिंहों के इस कड़े रुख और विशाल मार्च के बाद इलाके में नशा तस्करों के बीच खलबली मच गई है।

यह भी पढ़ें- 80 रुपये लीटर दूध, तो 250 रुपये किलों कैसे मिल रहा पनीर? भिखीविंड में सस्ते पनीर का काला खेल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।