गोल्डी बराड़ के निज्जर हत्याकांड से जुड़े दावों को अर्श डल्ला ने बताया साजिश, दी बदला लेने की खुली धमकी
अर्श डल्ला ने गोल्डी बराड़ के निज्जर हत्या से जुड़े कथित दावे खारिज किए हैं। वीडियो में डल्ला ने आरोपों को साजिश बताया और बदला लेने की धमकी दी।

अर्श डल्ला और गोल्डी बराड़।
HighLights
अर्श डल्ला ने निज्जर हत्याकांड में गोल्डी बराड़ के दावे खारिज किए।
डल्ला ने बराड़ पर एजेंसियों के लिए काम करने का आरोप लगाया।
निज्जर की हत्या के बाद भारत-कनाडा संबंधों में तनाव बढ़ा था।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। कनाडा में रह रहे नामित आतंकी अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला ने खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर गैंग्स्टर गोल्डी बराड़ के कथित दावे पर पलटवार किया है। करीब 15 मिनट के वीडियो में डल्ला ने बराड़ के आरोपों को खारिज करते हुए बदला लेने की धमकी दी।
उसने कहा कि निज्जर की हत्या वाले दिन वह उसके साथ नहीं था और हत्या से करीब एक वर्ष पहले से उसकी निज्जर से मुलाकात भी नहीं हुई थी। डल्ला ने निज्जर से पैसे, हथियार या पनाह मिलने के आरोपों को भी गलत बताया। उसने गोल्डी बराड़ पर एजेंसियों के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके खिलाफ लगाए गए आरोप एक साजिश का हिस्सा हैं।
यह भी पढ़ें- रंगदारी न देने पर बटाला में बदमाशों का आतंक, दिन में दुकान पर हुआ मिस फायर, रात घर पर चलाई गोलियां
निज्जर को लेकर बराड़ ने किया था कथित दावा
कनाडा में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की एक कथित लीक आडियो क्लिप सामने आई है। इसमें वह खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बातचीत में निज्जर की हत्या करवाने का दावा करता सुनाई देता है।
बराड़ ने कथित तौर पर निज्जर पर युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों को समर्थन देने का आरोप लगाया। उसने यह भी दावा किया कि निज्जर ने अर्श डल्ला को पनाह दी और उसे हथियार व आर्थिक मदद उपलब्ध कराई। हालांकि, इस कथित आडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
डल्ला ने बराड़ पर लगाए आरोप
डल्ला ने गोल्डी बराड़ पर अपने माता-पिता को झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया। उसने सवाल उठाया कि 29 मई 2022 को गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उसके माता-पिता के खिलाफ मामला क्यों नहीं दर्ज किया गया। डल्ला ने कहा कि उसके द्वारा की गई या कराई गई हर हत्या के बाद उसके पिता से पूछताछ की गई, लेकिन उसने दबाव के आगे झुककर पुलिस को हत्यारों की जानकारी नहीं दी।
डल्ला ने नवंबर 2020 में बठिंडा में डेरा सच्चा सौदा अनुयायी मनोहर लाल की हत्या से अपना संबंध भी स्वीकार किया। मनोहर लाल उस व्यक्ति के पिता थे, जिस पर 2020 के बेअदबी मामले में आरोप लगा था। डल्ला के नेटवर्क ने उस समय हत्या को कथित तौर पर पुरानी बेअदबी घटनाओं का बदला बताया था।
यह भी पढ़ें- पंजाबी यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोतरी पर बवाल, छात्रों ने बंद किए सभी गेट; VC कार्यालय के बाहर लगा पक्का मोर्चा
हत्या से बिगड़े थे भारत-कनाडा संबंध
हरदीप सिंह निज्जर की 2023 में कनाडा के सरे स्थित गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भारत और कनाडा के संबंधों में गंभीर तनाव पैदा हुआ था। निज्जर को भारत ने आतंकी घोषित कर रखा था। अब गोल्डी बराड़ के कथित बयान और अर्श डल्ला की प्रतिक्रिया ने इस मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
