'पंजाब का भविष्य खतरे में है' पोस्ट पर केजरीवाल का BJP पर पलटवार, कहा- 'गुजरात से आने वाली सप्लाई रोके केंद्र'
केजरीवाल ने भाजपा के 'पंजाब का भविष्य खतरे में है' पोस्ट पर पलटवार करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई मुंद्रा पोर्ट से शुरू होनी चाहिए।
-1789970361690_m.webp)
नितिन नवीन के पोस्ट पर केजरीवाल का पलटवार।
HighLights
केजरीवाल ने भाजपा के 'पंजाब का भविष्य खतरे में' पोस्ट पर जवाब दिया
उन्होंने कहा, नशे के खिलाफ लड़ाई मुंद्रा पोर्ट से शुरू होनी चाहिए
केंद्र गुजरात से पंजाब आने वाली नशे की सप्लाई तुरंत रोके
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि अगर पंजाब की रत्ती भर भी चिंता है तो गुजरात से आने वाले नशे को रोकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत पंजाब की धरती से नहीं, बल्कि मुंद्रा पोर्ट से होनी चाहिए। केजरीवाल ने नितिन नवीन के उस पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें प्रधानमंत्री के हवाले से पंजाब के युवाओं और भविष्य को नशे से बचाने की बात कही गई थी।
केजरीवाल का मोदी पर पलटवार
केजरीवाल ने लिखा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें संदेश दिया था कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई की शुरुआत पंजाब की धरती से होनी चाहिए, क्योंकि पंजाब का नौजवान और पंजाब का भविष्य खतरे में है।
इसके जवाब में केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पंजाब के युवाओं और भविष्य की वास्तव में चिंता है तो नशे की आपूर्ति के स्रोत और रास्तों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत वहीं से होनी चाहिए।
पंजाब में नशे को लेकर चल रहा सियासी आरोप-प्रत्यारोप
पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पिछले कुछ समय से राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। भाजपा जहां पंजाब में नशे की समस्या को लेकर राज्य सरकार को घेर रही है, वहीं आप नेता केंद्र और भाजपा शासित राज्यों में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए कार्रवाई का मुद्दा उठा रहे हैं।
केजरीवाल की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भाजपा की ओर से पंजाब में नशामुक्ति को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा नेताओं की ओर से पंजाब में नशे की समस्या को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है।
इसके जवाब में आप की ओर से नशे की सप्लाई के नेटवर्क और राज्य के बाहर से आने वाले नशीले पदार्थों पर कार्रवाई का सवाल उठाया जा रहा है।
केजरीवाल के बयान से साफ है कि आप पंजाब में नशे के मुद्दे पर राजनीतिक बहस को केवल राज्य सरकार की जिम्मेदारी तक सीमित रखने के बजाय नशीले पदार्थों की सप्लाई और उनके प्रवेश के रास्तों की ओर ले जाना चाहती है। उन्होंने अपने पोस्ट में मुंद्रा पोर्ट को लेकर केंद्र से कार्रवाई की मांग की है।
