यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सिद्धू के साथी बैंस ब्रदर्स ने 'आप' से मिलाया हाथ, पांच सीटों पर किया गठजोड़
सिद्धू के आवाज-ए-पंजाब फ्रंट में शामिल रहे बैंस ब्रदर्स का आम आदमी पार्टी से गठबंधन हो गया है। बैंस ब्रदर्स का फ्रंट पांच विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

जेएनएन, चंडीगढ़। नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व में बने फ्रंट आवाज-ए-पंजाब में शामिल बैंस ब्रदर्स ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन की घोषणा की है। लुधियाना के आजाद विधायकों बलबिंदर सिंह बैंस और सिमरजीत सिंह बैंस ने आप के पंजाब प्रभारी संजय सिंह की उपस्थिति में चंडीगढ़ में यह घोषणा की। आप का बैंस ब्रदर्स से पांच सीटों पर गठबंधन हुआ है।
बता दें, कल ही दोनों दलों के गठबंधन के कयास लगाए जा रहे थे। रविवार रात को बठिंडा में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ बैंस ब्रदर्स की मुलाकात हुई थी। इसमें गठबंधन को लेकर चर्चा हुई थी। इस मुलाकात में गठबंधन पर सहमति बन गई थी, लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा आज चंडीगढ़ में संजय सिंह की उपस्थिति में की गई।
एसवाइएल के मुद्दे पर आप नेता संजय सिंह ने कहा कि पंजाब का पानी दूसरे राज्य को नहीं जाना चाहिए। पंजाब को रॉयल्टी मिलनी चाहिए। वहीं, जब सिमरजीत बैंस से नवजोत सिंह सिद्धू पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने का कि परगट और सिद्धू की मैं बहुत इज्जत करता हूं। वे साथ क्यों नहीं हैं इसका जवाब वही दे सकते हैं।

