राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले भूपेश बघेल करेंगे पार्टी नेताओं को एकजुट, 2027 चुनाव की रणनीति व संगठन पर होगा मंथन
पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल नौ दिवसीय दौरे पर पंजाब आ रहे हैं, जहाँ वे ब्लॉक स्तर से लेकर जिला प्रधानों तक से चुनावी तैयारियों पर फीडबैक लेंगे। ...और पढ़ें
-1785335069578_m.webp)
पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल। फाइल फोटो
HighLights
भूपेश बघेल नौ दिन के पंजाब दौरे पर।
ब्लॉक स्तर से जिला प्रधानों से लेंगे फीडबैक।
2027 विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर चर्चा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस तैयारी में जुट गई है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल वीरवार से नौ दिन के पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। जानकारी अनुसार 8 अगस्त तक बघेल पंजाब में कांग्रेस पार्टी के ब्लाक स्तर से लेकर जिला प्रधान और अन्य पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों की जमीनी स्तर से फीडबैक जुटाएंगे।
बघेल दौरे पर 2022 विधानसभा चुनाव लड़ने वाले कांग्रेस उम्मीदवारों, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, ब्लाक कांग्रेस प्रधान, हलका अध्यक्ष, मंडल प्रधान और ब्लाक समिति सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने, स्थानीय मुद्दों और कार्यकर्ताओं के सुझावों पर विस्तार से चर्चा होगी।
पंजाब कांग्रेस के संगठन महासचिव कैप्टन संदीप संधू ने सभी पदाधिकारियों को बैठकों में अनिवार्य रूप से शामिल होने को कहा है। बघेल इसी महीने छह दिन चंडीगढ़ में रहकर वरिष्ठ नेताओं से बैठकें कर चुके हैं और संगठनात्मक स्थिति पर रिपोर्ट हाईकमान को सौंपी थी। अब पार्टी नेतृत्व 2027 चुनाव से पहले संगठन को एकजुट कर चुनावी तैयारियों को तेज करने पर फोकस कर रहा है।
पंजाब कांग्रेस 15 अगस्त के बाद विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार शुरू करेगी, जिसमें राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। माना जा रहा है राहुल गांधी बस यात्रा की शुरुआत करेंगे, जिसमें पंजाब कांग्रेस प्रदेश के वोटर को एकजुटता का संदेश देना चाहती है।
खबरें और भी
लेकिन कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करना आसान नहीं लग रहा। बीते दिनों नीट परीक्षा और पंजाब फार्मासिस्ट पेपर लीक मामले में भी प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक दिल्ली या पंजाब में हुए विरोध प्रदर्शनों में किसी भी मंच पर एक साथ नहीं दिखे हैं।
कांग्रेस नेताओं में गुटबाजी खत्म करना बड़ी चुनौती
पंजाब कांग्रेस में चल रही उथल-पुथल के बीच प्रभारी भूपेश बघेल महीने भर में दूसरी बार पंजाब के दौरे पर हैं। बघेल 16 जिलों में बैठक हर स्तर के नेताओं से बैठक करेंगे। चुनाव समितियों की घोषणा के बाद से ही पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गुट लगातार नेतृत्व बदलने की मांग कर रहा है, लेकिन पार्टी आलाकमान इसके लिए तैयार नहीं।
बघेल के दौरे के दौरान बड़ा सवाल यह होगा, क्या पार्टी अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का विरोधी चन्नी धड़ा भूपेश बघेल के कार्यक्रमों में शामिल होगा या नहीं। चन्नी गुट ने पहले ही उन कार्यक्रमों का बहिष्कार करने का फैसला किया है, जिनमें वड़िंग शामिल होंगे।
भूपेश बघेल का पंजाब में होगा फोकस
तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल 30 जुलाई को चंडीगढ़ पहुंचेंगे और 31 जुलाई को फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में बैठकें करेंगे। वह 1 अगस्त को पटियाला और संगरूर, 2 अगस्त को बरनाला और मानसा, 3 अगस्त को बठिंडा और मुक्तसर साहिब, 4 अगस्त को फाजिल्का और फिरोजपुर का दौरा करेंगे।
5 अगस्त को मोगा और फरीदकोट में कांग्रेस पदाधिकारियों से मिलेंगे, 6 अगस्त को लुधियाना, 7 अगस्त को मलेरकोटला और खन्ना का दौरा करेंगे। दौरे के अंतिम दिन 8 अगस्त को नवांशहर और रोपड़ में पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी।