Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंडीगढ़ में भाजपा का परचम, सौरभ जोशी बने मेयर, आप-कांग्रेस गठबंधन तोड़ एक भी पद नहीं जीत पाई

    Updated: Thu, 29 Jan 2026 11:24 AM (IST)

    चंडीगढ़ को नया मेयर मिल गया है, जिसमें भाजपा के सौरभ जोशी ने पार्षदों का विश्वास जीता। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर भी भाजपा की ही जीत ह ...और पढ़ें

    जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी सौरभ जोशी ने पिता की तस्वीर के साथ संभाली मेयर की कुर्सी।

    जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी सौरभ जोशी ने पिता की तस्वीर के साथ संभाली मेयर की कुर्सी।

    HighLights

    1. सौरभ जोशी को 18 पार्षदों ने दिया समर्थन।

    2. लगातार दूसरी भाजपा का मेयर बना।

    3. सीनियर डिप्टी और डिप्टी मेयर भी भाजपा के।

    जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वीरवार को भाजपा ने तीनों पदों पर जीत हासिल की है। मेयर पद पर सौरभ जोशी, सीनियर डिप्टी मेयर पद पर जस्मनप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर के पद पर सुमन शर्मा की जीत हुई है। तीनों को 18-18 वोट मिले हैं।

    नगर निगम के पांच वर्ष के कार्यकाल में भाजपा ने चौथी बार मेयर पद पर जीत दर्ज की। नगर निगम का इस बार का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो रहा है और जोशी इस कार्यकाल के आखिरी मेयर होंगे। इस बार वोटिंग के बजाय हाथ खड़े करके समर्थन करना था।

    इस बार आप से गठबंधन तोड़ कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशी उतारे थे। उम्मीद थी कि आखिरी समय में भाजपा की जीत को रोकने के लिए कांग्रेस और आप एक हो जाएंगे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।

    इतना ही नहीं, गठबंधन तोड़ने का यह भी नुकसान हुआ कि इस बार एक भी पद पर जीत नहीं हुई। क्योंकि पिछली बार मेयर पद भले ही भाजपा ने जीत लिया था, लेकिन सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद पर कांग्रेस की जीत हुई थी। इस बार निराशा ही हाथ लगी।

    saurab88

    भाजपा का कोई वोट क्रॉस नहीं हुआ और कोई अतिरिक्त वोट भी नहीं मिला। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी गुरप्रीत को 7 और आप योगेश ढींगरा को 11 वोट पड़े। नाराज आप पार्षद रामचंद्र यादव ने भी अपने प्रत्याशी योगेश ढींगरा को ही वोट किया है।

    खबरें और भी

    सीनियर डिप्टी मेयर के पद पर भी भाजपा की ही जीत हुई। जस्मनप्रीत सिंह सीनियर डिप्टी मेयर बने। कांग्रेस के सचिन गालव का नाम दो बार पुकारा गया, लेकिन कांग्रेस पार्षद मेयर चुनाव के बाद ही सदन छोड़कर जा चुके थे। डिप्टी मेयर के पद पर भाजपा की सुमन शर्मा की जीत हुई।

    मेयर की कुर्सी संभालने से पहले सौरभ जोशी भावुक हो गए। उन्होंने पिता को याद कर भावुक हुए कहा उनके सिखाए मार्ग पर चल 14 वर्ष बाद सफलता मिली। इसके बाद उन्होंने अपने पिता की तस्वीर के साथ मेयर की कुर्सी संभाली।

    आम आदमी पार्टी ने हार का गुस्सा कांग्रेस पर निकाला है। पार्टी प्रभारी जरनैल सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने आज फिर भाजपा का पुरजोर  साथ दिया, चंडीगढ़ वाले इस धोखे का बदला जरूर लेंगे।

     

    चुनाव परिणाम, किसको कितने वोट

    मेयर पद के प्रत्याशी

    प्रत्याशी                  पार्टी            वोट
    सौरभ जोशी             भाजपा          18
    योगेश ढींगरा            आप            11
    गुरप्रीत गाबी            कांग्रेस          07

    सीनियर डिप्टी मेयर

    जस्मनप्रीत सिंह         भाजपा         18
    मुन्नवर खान             आप           11
    सचिन गालव            कांग्रेस         00

    डिप्टी मेयर

    सुमन शर्मा            भाजपा           18
    जसविंदर कौर        आप              11
    निर्मला देवी           कांग्रेस            00

    किसके पास कितने वोट थे

    भाजपा        18
    आप           11
    कांग्रेस         07 (6 पार्षद व एक सांसद)