चंडीगढ़ में 227.70 करोड़ की पाइपलाइन परियोजना जांच के घेरे में, निगम कमिश्नर ने मांगी फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट
चंडीगढ़ में 227.70 करोड़ रुपये की जलापूर्ति पाइपलाइन परियोजना पर उठे सवालों के बाद नगर निगम कमिश्नर ने फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट का आदेश दिया है। यह फैसल ...और पढ़ें

पाइपलाइन बदलने के प्रस्ताव को बिना पर्याप्त चर्चा के सदन में पारित करने पर उठे सवाल। (प्रतीकात्मक फोटो एआई जनरेटेड)
HighLights
227.70 करोड़ की पाइपलाइन परियोजना पर उठे सवाल।
नगर निगम कमिश्नर ने फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट मांगी।
पार्षदों और AAP के विरोध के बाद जांच।
बलवान करिवाल, चंडीगढ़। स्मार्टसिटी में 227.70 करोड़ रुपये की जलापूर्ति पाइपलाइन परियोजना पर सवाल उठे तो नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने प्रस्ताव से जुड़े पूरे मामले की फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए हैं।
उन्होंने स्पेशल कमिश्नर हरप्रीत सिंह सूदन को कजौली वाॅटर वर्क्स से सेक्टर-39 वाॅटर वर्क्स तक मौजूदा 1200 एमएम आई/डी पीएससी पाइपलाइन को बदलने से जुड़े एजेंडे के सभी तथ्यों की जांच कर एक हफ्ते में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर ने यह आदेश एजेंडे की प्रस्तुति को लेकर उठे सवालों के बाद जारी किए हैं। हालांकि यह एजेंडा नगर निगम सदन से पारित हो गया था, लेकिन इसके बाद मेयर, विभिन्न राजनीतिक दलों और बड़ी संख्या में पार्षदों की ओर से आपत्तियां और प्रतिनिधित्व प्राप्त हुए। इनमें बैठक में मौजूद और अनुपस्थित दोनों तरह के पार्षद शामिल हैं।
पार्षदों और राजनीतिक दलों ने किया विरोध
कमिश्नर ने पार्षदों से बातचीत और प्राप्त अभ्यावेदनों पर विचार करने के बाद कहा कि इस प्रस्ताव को अगली सदन की बैठक में चर्चा और अनुमोदन के लिए दोबारा रखा जाना पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को और मजबूत करेगा।
उन्होंने स्पेशल कमिश्नर को निर्देश दिए कि मामले से जुड़े सभी रिकाॅर्ड की जांच की जाए, संबंधित अधिकारियों से तथ्य जुटाए जाएं और पूरे प्रकरण पर विस्तृत फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत की जाए।
वित्तीय प्रस्तावों से संबंधित जानकारी में बरती जाए पारदर्शिता
अमित कुमार ने कहा कि इस जांच का उद्देश्य पारदर्शिता सुनिश्चित करना, प्रक्रियागत नियमों के पालन की समीक्षा करना और तथ्यों को स्पष्ट करना है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से जुड़े बड़े वित्तीय प्रस्तावों में सभी संबंधित जानकारियां पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि जनप्रतिनिधि पूरी जानकारी के आधार पर निर्णय ले सकें।
खबरें और भी
आप ने बताई अपनी जीत
आम आदमी पार्टी के पार्षद एवं मुख्य प्रवक्ता योगेश ढींगरा ने 227.70 करोड़ रुपये की जलापूर्ति पाइपलाइन परियोजना पर नगर निगम कमिश्नर की फैक्ट फाइंडिंग जांच के आदेश को पार्टी के आंदोलन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने यह फैसला स्वेच्छा से नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शन, लोकभवन मार्च और ज्ञापन सौंपने के बाद बने दबाव में लिया है।
ढींगरा ने आरोप लगाया कि कजौली वाॅटर वर्क्स से सेक्टर-39 तक पाइपलाइन बदलने के प्रस्ताव को बिना पर्याप्त चर्चा और पारदर्शिता के जल्दबाजी में पारित कराया गया। उन्होंने मांग की कि जांच निष्पक्ष हो और यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार अधिकारियों व अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने विशेष सदन बुलाकर परियोजना की तकनीकी रिपोर्ट और खर्च का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।
रिपोर्ट बलवान करिवाल