जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में चंडीगढ़ कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला
चंडीगढ़ कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का ...और पढ़ें
-1784644243660_m.webp)
चंडीगढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन। फोटो जागरण
HighLights
चंडीगढ़ कांग्रेस ने जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका, इस्तीफा मांगा।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर जताई चिंता।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को चंडीगढ़ कांग्रेस ने सेक्टर-17 प्लाजा में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, उनके अभिभावक, कांग्रेस कार्यकर्ता, एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, प्लाजा में मार्च निकाला और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर उनके इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को बचाने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर है।
उनका आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में देशभर में करीब 152 भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाएं पेपर लीक से प्रभावित हुई हैं, जिससे लाखों युवाओं के सपने टूटे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनिश्चितता के कारण युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। इसके बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं।
युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश
लक्की ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत करने के बजाय उन पर पुलिस बल का प्रयोग किया गया। उनका आरोप है कि छात्रों के साथ धक्का-मुक्की और लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि जो सरकार युवाओं के सवालों का जवाब नहीं दे सकती, वह उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि पेपर लीक अब अलग-अलग घटनाएं नहीं रह गई हैं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर एक गंभीर सवाल बन चुकी हैं। वर्षों की मेहनत करने वाले छात्रों को बार-बार परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अब तक दोषियों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने में विफल रही है। एचएस लक्की ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते तथा पेपर लीक रोकने के लिए सख्त और जवाबदेह व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।