चंडीगढ़ में आधी रात हादसा, मोड़ पर ऑटो से टकराई तेज रफ्तार बाइक; हेलमेट टूटा और युवक ने भी तोड़ा दम
चंडीगढ़ में देर रात एक तेज रफ्तार बाइक और ऑटो की टक्कर में 21 वर्षीय युवक उदय सिंह की मौत हो गई। ऑटो चालक घायल है और उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने ...और पढ़ें

सेक्टर-18 की ओर मुड़ रहा था ऑटो, तभी बाइक ने मारी टक्कर। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
सेक्टर-17/18 की डिवाइडिंग रोड के मोड़ पर हादसा।
रात को ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था युवक।
घायल ऑटो चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का केस।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-17/18 की डिवाइडिंग रोड के मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक की ऑटो से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट टूट गया और बाइक सवार की मौत हो गई। ऑटो चालक भी घायल हुआ, जिसे पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
हादसा देर रात हुआ। जान गंवाने वाला 21 वर्षीय उदय सिंह सेक्टर-43 का रहने वाला था। वह सेक्टर-8 स्थित एग कल्ट नामक दुकान पर काम करता था। उसकी ड्यूटी सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक थी। ड्यूटी खत्म करने के बाद रात करीब सवा 12 बजे अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
इसी दौरान मोहाली के बड़ माजरा निवासी ऑटो चालक मनोज सेक्टर-18 की ओर मुड़ रहा था। जैसे ही ऑटो मुड़ा, तेज रफ्तार बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उदय का हेलमेट पूरी तरह टूट गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने उदय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक मनोज को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया।
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर ऑटो चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।