Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंडीगढ़ के हेरिटेज फर्नीचर की विदेशों में नहीं रुक रही नीलामी,13 अगस्त को अमेरिका में 8 आइटम की लगेगी बोली

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 06:37 PM (IST)

    अमेरिका में 13 अगस्त को चंडीगढ़ के हेरिटेज फर्नीचर की फिर नीलामी हो रही है, जिसमें पियरे जेनरेट के 8 आइटम शामिल हैं। अधिवक्ता अजय जग्गा ने विदेश मंत्र ...और पढ़ें

    अमेरिका में नीलाम होने जा रहा चंडीगढ़ का हेरिटेज फर्नीचर।

    अमेरिका में नीलाम होने जा रहा चंडीगढ़ का हेरिटेज फर्नीचर।

    HighLights

    1. 13 अगस्त को अमेरिका में होगी नीलामी।

    2. चंडीगढ़ की 8 आइटम की लगेगी बोली।

    3. केंद्र सरकार से नीलामी रोकने की अपील।

    जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ की विरासत से जुड़े हेरिटेज फर्नीचर की विदेशों में नीलामी का सिलसिला रुक नहीं रहा है। अमेरिका में 13 अगस्त को पियरे जेनरेट के डिजाइन किए आठ मूल फर्नीचर आइटमों की नीलामी होने जा रही है।

    इनमें ऑफिस चेयर, लिनेन चेस्ट, डेस्क व चेयर, डाइनिंग चेयर, फाइल रैक, राइटिंग चेयर, कमेटी टेबल और डे-बेड शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत 49,000 से 63,000 डाॅलर (करीब 40.94 लाख से 52.61 लाख रुपये) आंकी गई है।

    अधिवक्ता एवं प्रशासक सलाहकार परिषद के सदस्य अजय जग्गा ने विदेश मंत्री डाॅ. एस जयशंकर और चंडीगढ़ प्रशासन के संस्कृति सचिव डाॅ. सैयद आबिद रशीद शाह को पत्र भेजकर तत्काल कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग की है।

    पिछले दो माह में प्रशासन के प्रयास से विदेश में दो बार नीलामी रोकने में केंद्र सरकार कामयाब रही है। अजय जग्गा ने कहा कि अब होने वाली नीलामी सूची में इन वस्तुओं का स्रोत चंडीगढ़, प्रशासनिक भवन और पंजाब विश्वविद्यालय दर्ज है, जिससे स्पष्ट होता है कि ये भारत की सांस्कृतिक और वास्तु विरासत का हिस्सा हैं।

    उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है, ऐसे समय में भारतीय धरोहर की विदेश में नीलामी चिंता का विषय है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इससे पहले वर्ष 2026 में फ्रांस और स्पेन में प्रस्तावित चंडीगढ़ हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी भारत सरकार के हस्तक्षेप से टल चुकी है।

    उन्होंने विदेश मंत्रालय से अमेरिका सरकार और संबंधित एजेंसियों के समक्ष मामला उठाने, नीलामी पर रोक लगाने, वस्तुओं के स्वामित्व और निर्यात की वैधता की जांच कराने तथा उन्हें भारत वापस लाने के लिए कूटनीतिक और कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

    वहीं जानकारी आने के बाद प्रशासन के संस्कृति विभाग ने नीलामी रोकने का प्रयास शुरू कर दिया है। जल्द ही इस संबंध में केंद्र सरकार को अवगत करवाया जाएगा।

     

    लाट नंबर फर्नीचर स्रोत अनुमानित कीमत
    138 ऑफिस चेयर चंडीगढ़ 3,000–4,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 2.51–3.35 लाख)
    139 लिनेन चेस्ट पंजाब पीडब्ल्यूडी (एमएलए हॉस्टल) 5,000–7,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 4.19–5.86 लाख)
    155 डेस्क एवं चेयर चंडीगढ़ 8,000–10,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 6.70–8.38 लाख)
    158 डाइनिंग चेयर्स चंडीगढ़ 6,000–8,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 5.03–6.70 लाख)
    160 फाइल रैक प्रशासनिक भवन, चंडीगढ़ 6,000–8,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 5.03–6.70 लाख)
    161 राइटिंग चेयर पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ 3,000–4,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 2.51–3.35 लाख)
    163 कमेटी टेबल प्रशासनिक भवन, चंडीगढ़ 12,000–15,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 10.06–12.57 लाख)
    165 डे-बेड चंडीगढ़ (पीजीआई) 8,000–10,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 6.70–8.38 लाख)
    कुल अनुमानित कीमत 49,000–63,000 अमेरिकी डॉलर (40.94–52.61 लाख)

     

    खबरें और भी