चंडीगढ़ में कल नहीं खुलेंगे स्कूल, कोहरे और सर्दी का सितम देखते हुए प्रशासन ने दूसरी बार बढ़ाई छुट्टियां
चंडीगढ़ प्रशासन ने कोहरे और भीषण सर्दी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां 17 जनवरी तक बढ़ा दी हैं। पहले स्कूल 14 जनवरी को ख ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में छुट्टियों का आदेश सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
HighLights
छुट्टियां 17 जनवरी तक बढ़ाई गईं।
कोहरे और भीषण सर्दी के कारण निर्णय।
सरकारी व निजी स्कूलों पर लागू।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। भीषण ठंड, शीतलहर और लगातार पड़ रहे घने कोहरे को देखते हुए चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने स्कूलों में सर्दी की छुट्टियां दूसरी बार बढ़ा दी हैं। अब स्कूल 17 जनवरी तक बंद रहेंगे। इससे पहले छुट्टियां 13 जनवरी तक बढ़ाई गई थीं। उससे पहले स्कूल पहले 10 जनवरी से खुलने थे, लेकिन बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी नए आदेश के अनुसार कक्षा पहली से आठवीं तक और नान बोर्ड कक्षाएं 9वीं व 11वीं की पढ़ाई फिलहाल फिजिकल मोड में नहीं होगी। इन कक्षाओं के छात्रों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा। हालांकि स्कूल सुबह 9 बजे खुलेंगे और शिक्षक आनलाइन माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे।
इसके साथ ही 10वीं और 12वीं की बोर्ड कक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार चलेंगी। स्कूल इन कक्षाओं के लिए सुबह 9:30 बजे से पहले नहीं खुलेंगे और छुट्टी दोपहर 3:30 बजे होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों और स्टाफ का समय पहले की तरह ही रहेगा।
बच्चों की सेहत पर खतरे को देखते हुए फैसला
मौसम विभाग के अनुसार 13 जनवरी तक शीतलहर और कोहरे का असर बना रह सकता है। सुबह के समय घनी धुंध के कारण सड़क हादसों और स्कूल बसों की आवाजाही में जोखिम बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक ठंड के मौसम में बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा रहता है।