चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट अचानक हुए बंद, वर्ल्ड क्लास सुविधाओं के दावे पर उठे सवाल
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पंचकूला की ओर प्लेटफॉर्म 5 और 6 पर एस्केलेटर और लिफ्ट अचानक बंद हो गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्ट ...और पढ़ें

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर बंद होने से यात्रियों को हुई परेशानी।
HighLights
चंडीगढ़ स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट अचानक बंद हो गए।
यात्रियों को सामान के साथ सीढ़ियां चढ़ने में हुई परेशानी।
विश्व स्तरीय स्टेशन के दावों पर उठे गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। एक ओर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने का काम तेजी से चल रहा है, वहीं दूसरी ओर यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शुक्रवार दोपहर पंचकूला की ओर प्लेटफाॅर्म नंबर-5 और 6 पर लगे एस्केलेटर अचानक बंद हो गए।
संयोग से उसी समय वंदे भारत एक्सप्रेस के पहुंचने का समय था, जिसके चलते स्टेशन पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ थी। एस्केलेटर बंद होने से बुजुर्ग, महिलाएं, छोटे बच्चों के साथ सफर कर रहे परिवार और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ा।
कई यात्रियों ने गर्मी और उमस के बीच भारी बैग उठाकर प्लेटफाॅर्म तक पहुंचने में काफी दिक्कत झेली। परेशानी तब और बढ़ गई जब एस्केलेटर के साथ-साथ लिफ्ट भी बंद मिली।
स्टेशन पर कार्यरत मजदूरों ने बताया कि बारिश का पानी लिफ्ट तक पहुंचने के कारण एहतियातन उसे बंद किया गया है। हालांकि चंडीगढ़ की ओर स्थित एस्केलेटर और लिफ्ट चालू रहने से कुछ यात्रियों को राहत जरूर मिली, लेकिन पंचकूला साइड से आने-जाने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि जब स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, तब ऐसी आवश्यक सेवाओं का सुचारु रूप से संचालित रहना भी उतना ही जरूरी है। उनका मानना है कि रेलवे को तत्काल व्यवस्था बहाल करने के साथ वैकल्पिक इंतजाम भी सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि पंचकूला की तरफ यह समस्या कैसी हुई इसका पता लगा रहे हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि बिजली बंद होने की वजह से एस्कलेटर बंद हो गए हों। नया पावर हाउस अभी शुरू नहीं हुआ है, जिससे यह समस्या हो रही है।