पंजाब कांग्रेस में कब खत्म होगी खींचतान? कार्यसमिति की बैठक से चरणजीत चन्नी ने बनाई दूरी
कांग्रेस कार्यसमिति की दिल्ली बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी शामिल नहीं होंगे। बताया जा रहा है कि पीएचडी की अंतिम परीक्षा के कारण उन्होंने दूरी बनाई है।

पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और राहुल गांधी।
HighLights
चन्नी दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में शामिल नहीं होंगे।
उनकी अनुपस्थिति का मुख्य कारण पीएचडी की अंतिम परीक्षा है।
पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के बीच उनकी गैरमौजूदगी पर राजनीतिक अटकलें।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी बुधवार को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में शामिल नहीं होंगे। चन्नी कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य हैं और बैठक में पंजाब से जुड़े राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा में शामिल होना था। हालांकि, जानकारी के अनुसार उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है।
बताया जा रहा है कि चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं और गुरुवार को उनकी अंतिम परीक्षा है। इसी कारण वह दिल्ली में होने वाली बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि, चन्नी की ओर से बैठक में अनुपस्थित रहने के कारण को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई खेप! अमृतसर में नौ तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों की हेरोइन और हथियार बरामद
गुटबाजी के बीच गैरमौजूदगी
दिल्ली में होने वाली बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की मौजूदगी रहेगी। बैठक में देश और राज्यों से जुड़े राजनीतिक मुद्दों के अलावा संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। पंजाब से जुड़े विषय भी बैठक में चर्चा का हिस्सा बन सकते हैं।
चन्नी की बैठक से दूरी ऐसे समय पर सामने आई है, जब पंजाब कांग्रेस में संगठन को लेकर अंदरूनी खींचतान की चर्चा लगातार बनी हुई है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पार्टी के भीतर अलग-अलग नेताओं के बीच मतभेद भी सामने आते रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन की हड़ताल, जालंधर में ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक और तहसील में काम कराया बंद
चन्नी की अनुपस्थिति: राजनीति या परीक्षा!
चन्नी और उनके समर्थक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को दोबारा जिम्मेदारी दिए जाने पर सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से चन्नी की गैरमौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।
हालांकि, चन्नी की ओर से बैठक में शामिल नहीं होने की वजह परीक्षा बताई जा रही है। उनकी गुरुवार को परीक्षा होने की जानकारी सामने आई है। इसलिए उनकी अनुपस्थिति को लेकर पार्टी के भीतर राजनीतिक अटकलों के बीच निजी कारण भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
