विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस का 'जनता का घोषणापत्र' मिशन, अमृतसर से होगी शुरुआत, 3 महीनों तक हाईकमान को सौंपेगी मसौदा

By Dr. Sumit Singh SheoranEdited By: Anuj Sharma
Published: Fri, 04 Sep 2026 01:53 PM (IST)

कांग्रेस 11 सितंबर से अमृतसर में जनता के सुझाव जुटाकर घोषणापत्र अभियान शुरू करेगी। किसान, युवा, कर्मचारी और अन्य वर्गों से संवाद के बाद दो-तीन महीने में मसौदा तैयार होगा।

सांसद अमर सिंह।

सांसद अमर सिंह।

HighLights

  1. घोषणापत्र के लिए 11 सितंबर से अमृतसर में अभियान शुरू।

  2. डॉ. अमर सिंह कमेटी जनता से सीधे सुझाव लेगी।

  3. नशा, रोजगार, OPS जैसे मुद्दे घोषणापत्र में शामिल।

डाॅ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अब अपने चुनावी मेनिफेस्टो की तैयारी को जमीनी स्तर पर ले जाने का फैसला किया है। संगठनात्मक चुनाव और कमेटियों के गठन को लेकर पार्टी में चल रहे गतिरोध के बीच फिलहाल कांग्रेस की मेनिफेस्टो कमेटी ही चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय रूप से काम कर रही है।

1 जुलाई को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से गठित विभिन्न कमेटियों में सांसद डॉ. अमर सिंह को मेनिफेस्टो कमेटी की कमान सौंपी गई थी। कमेटी की अब तक दो आधिकारिक बैठकें हो चुकी हैं। अब 11 सितंबर से अमृतसर में जिला स्तर पर मेनिफेस्टो अभियान की शुरुआत होगी।

इसके तहत कमेटी अलग-अलग वर्गों के लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव जुटाएगी। मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अमर सिंह ने ‘दैनिक जागरण’ से विशेष बातचीत में कहा कि कांग्रेस इस बार मेनिफेस्टो को केवल पार्टी के स्तर पर तैयार नहीं करना चाहती, बल्कि इसे पूरी तरह जनता की भागीदारी से तैयार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- राघव चड्ढा के बाद पटियाला MP का पंजाब SIR से नाम गायब, बोले- अब लोग सरकार नहीं, सरकारें अपने वोटर चुन रही हैं

मेनिफेस्टो में नशा, गैंगस्टरवाद और ओपीएस प्रमुख

उन्होंने बताया कि अमृतसर से शुरू होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों में किसानों, उद्योग जगत, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा। संबंधित क्षेत्रों के विधायक और सांसद भी इन कार्यक्रमों में लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव मेनिफेस्टो कमेटी तक पहुंचाएंगे।

डॉ. अमर सिंह के मुताबिक पंजाब में इस समय नशा, गैंगस्टरवाद, युवाओं के लिए रोजगार, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं, किसानों की समस्याएं जैसे मुद्दे अहम हैं। कर्मचारियों की लंबित मांगें, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करना और ओल्ड पेंशन स्कीम भी मेनिफेस्टो में प्रमुख मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के सुझावों को गंभीरता से लेकर 2027 के चुनावी एजेंडे में शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- शिक्षक दिवस पर पंजाब के 75 अध्यापक होंगे सम्मानित, देखें किस-किस का है लिस्ट में नाम

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से भी जल्द होगी बैठक

कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि मेनिफेस्टो का ड्राफ्ट दो से तीन महीने के भीतर तैयार कर कांग्रेस हाईकमान को सौंपने का लक्ष्य है। उनका कहना है कि कांग्रेस सरकार बनने की स्थिति में मेनिफेस्टो में शामिल जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।

डॉ. अमर सिंह ने बताया कि मेनिफेस्टो कमेटी जल्द ही पंजाब कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ भी बैठक करेगी। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं से समय मांगा गया है, ताकि अधिक से अधिक नेता बैठक में मौजूद रहकर अपने सुझाव दे सकें। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के राजनीतिक अनुभव और जमीनी फीडबैक को भी मेनिफेस्टो तैयार करते समय पूरी अहमियत दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- हाथ जोड़े, माथा टेका और फिर... जन्माष्टमी से रात पहले जालंधर के मंदिर में शिवलिंग से कांसे के नाग देवता चुराए