विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथ जोड़े, माथा टेका और फिर... जन्माष्टमी से रात पहले जालंधर के मंदिर में शिवलिंग से कांसे के नाग देवता चुराए

Published: Fri, 04 Sep 2026 12:42 PM (IST)

जालंधर के अली मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर में दो चोरों ने शिवलिंग पर स्थापित कांसे का नाग देवता चुरा लिया। कुछ महीने पहले दानपात्र भी तोड़ा गया था।

सीसीटीवी में दिख चोर और जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सजाया गया मंदिर।

सीसीटीवी में दिख चोर और जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सजाया गया मंदिर।

HighLights

  1. जालंधर के हनुमान मंदिर से कांसे के नाग देवता की मूर्ति चोरी।

  2. मोटरसाइकिल पर आए दो चोरों ने वारदात को दिया अंजाम।

  3. कुछ महीनों में मंदिर में यह दूसरी चोरी, सुरक्षा पर सवाल।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर शहर के अली मोहल्ला स्थित श्री हनुमान मंदिर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। वीरवार शाम मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे दो व्यक्ति मंदिर में आए। इनमें से एक व्यक्ति मंदिर के अंदर गया और शिव मंदिर में पहुंचकर शिवलिंग पर स्थापित कांसे के नाग देवता की मूर्ति चोरी कर ली।

मूर्ति को झोले में डालने के बाद आरोपित मंदिर से बाहर निकला और साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गया। घटना वीरवार शाम करीब साढ़े छह बजे की बताई जा रही है। मंदिर में चोरी का पता लगने के बाद प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक तौर पर फुटेज में एक आरोपित को मंदिर में प्रवेश करते और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बाहर निकलते हुए देखा गया है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर सुधार ट्रस्ट के बाहर प्रदर्शन, कूड़े की ट्रालियां लेकर पहुंचे मजदूर; SDO के तबादले पर अड़े

कुछ महीने पहले भी तोड़ा था दानपात्र

मंदिर प्रबंधन के अनुसार यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है। कुछ महीने पहले भी एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुआ था। आरोपित ने मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़कर उसमें मौजूद नकदी चोरी कर ली थी। उस समय भी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग पुलिस को उपलब्ध करवाई गई थी। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि पहले मामले में अभी तक आरोपित का सुराग नहीं लग पाया है।

यह भी पढ़ें- KP स्टेडियम उद्घाटन में AAP के दो गुट आमने-सामने, टिकट को लेकर बढ़ी खींचतान; परगट समर्थकों ने किया दावा

थाने से कुछ दूरी पर मंदिर

ऐसे में कुछ ही महीने बाद दोबारा चोरी होने से श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन में रोष है। प्रबंधन का कहना है कि मंदिर थाना डिवीजन नंबर चार से कुछ ही दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

मंदिर प्रबंधन ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही मंदिरों के आसपास रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई है। लगातार दूसरी चोरी के बाद श्रद्धालुओं में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव से पहले भाजपा में ‘दिमागी नक्सल’ शब्द पर सवाल, कैप्टन अमरिंदर ने PM मोदी से मांगी स्पष्टता