गैंगस्टरों से मिले हैं पंजाब बॉर्डर रेंज के अधिकारी! सुखजिंदर रंधावा ने लगाए आरोप, बोले- जांचें कॉल डिटेल्स
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बॉर्डर रेंज के पुलिस अधिकारियों पर गैंगस्टरों से सांठगांठ के आरोप लगाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के मोबाइल और कॉल डिटेल की जांच की मांग की।

कांग्रेस के डेरा बाबा नानक से लोकसभा सांसद सुखजिंदर रंधावा।
HighLights
रंधावा ने बॉर्डर रेंज पुलिस पर गैंगस्टरों से सांठगांठ का आरोप लगाया।
उन्होंने डीएसपी समेत अधिकारियों की कॉल डिटेल्स जांचने की मांग की।
पंजाब के डीजीपी और वित्त मंत्री पर भी गंभीर सवाल उठाए।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बॉर्डर रेंज के पुलिस अधिकारियों पर गैंगस्टरों से सांठगांठ के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि डेरा बाबा नानक और बटाला से स्थानांतरित किए गए डीएसपी समेत संबंधित पुलिस अधिकारियों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की गहन जांच होनी चाहिए।
उनका कहना है कि इससे पता चल सकेगा कि उनके किन लोगों से संपर्क रहे हैं। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में रंधावा ने कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी के साथ ये आरोप लगा रहे हैं। यदि आरोप गलत साबित होते हैं तो पंजाब के डीजीपी उनके खिलाफ भी मामला दर्ज करवा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में सड़क हादसे में घायल ASI पवन कुमार की मौत, 12 दिन वेंटिलेटर पर रहे; CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा
ये राजनीतिक बयानबाजी नहीं
उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि पंजाब की कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए। रंधावा ने डीजीपी गौरव यादव पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पुलिस गैंगस्टरों के परिवारों को सुरक्षा दे रही है, जबकि धमकियां और फिरौती की कॉल झेल रहे लोगों को सुरक्षा नहीं मिल रही।
यह भी पढ़ें- सुखबीर बादल आज फिर SIT के सामने, बहबल कलां गोलीकांड में पुलिस कार्रवाई पर होंगे सवाल
पंजाब को स्थायी डीजीपी की जरूरत
उन्होंने कहा कि पंजाब को स्थायी डीजीपी की जरूरत है। गुरदासपुर नगर कौंसिल चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टरों ने फोन के जरिये मतदाताओं को धमकाया, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सका।
संगरूर के गुलजार सिंह मामले में रंधावा ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि गुलजार सिंह ने मृत्यु से पहले सरपंच और चीमा का नाम लिया था। इसलिए दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए और चीमा को मंत्री पद से हटाया जाए।
