मोहाली में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से पीईसी के रिटायर्ड सुपरिंटेंडेंट की मौत; पत्नी की हालत गंभीर
मोहाली के जुझार नगर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग दंपती को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घा ...और पढ़ें

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
HighLights
ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
बारिश के कारण सड़क पर बाइक फिसली।
ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आने से मौत।
जागरण संवाददाता, मोहाली। जुझार नगर में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) से सेवानिवृत्त 73 वर्षीय दौलत राम सैनी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी 68 साल की कृष्णा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसा उस समय हुआ जब दोनों सेक्टर-39 वेस्ट से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जुझार नगर के पास दौलत राम सैनी ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बारिश के कारण सड़क पर जमा कीचड़ में बाइक फिसल गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
गिरते ही दौलत राम ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कृष्णा देवी भी ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को फेज-6 सिविल अस्पताल पहुंचाया।
डाॅक्टरों ने दौलत राम सैनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद कृष्णा देवी को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक का पिछला पहिया दौलत राम के ऊपर से गुजर गया। वहीं कृष्णा देवी के पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
खबरें और भी
थाना बलौंगी के एसएचओ पैरी विंकल ग्रेवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फेज-6 सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल महिला के बयान दर्ज होने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
जुझार नगर के सरपंच इकबाल सिंह हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन से जल्द चर्चा की जाएगी और दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।