पूर्व CM बेअंत सिंह हत्याकांड: आजीवन कारावास, 29 साल जेल और बीमार मां... जगतार सिंह ने मांगी पैरोल; क्या कहा हाईकोर्ट?
पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में आजीवन कारावास काट रहे जगतार सिंह हवारा ने 29 साल बाद अपनी बीमार मां की देखभाल के लिए पैरोल मांगी। ...और पढ़ें
-1783359787158_m.webp)
पूर्व CM बेअंत सिंह हत्याकांड: जगतार सिंह ने मांगी पैरोल। फाइल फोटो
HighLights
जगतार सिंह हवारा ने 29 साल बाद पैरोल मांगी।
बीमार मां की देखभाल के लिए मानवीय आधार पर पैरोल।
हाई कोर्ट ने मंडोली जेल अधीक्षक को अर्जी देने को कहा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे जगतार सिंह हवारा की पैरोल याचिका पर सोमवार को पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि चूंकि हवारा इस समय दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है, इसलिए उसे सबसे पहले अपनी पैरोल अर्जी जेल अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।
इसके बाद नियमानुसार संबंधित सक्षम प्राधिकारी इस पर निर्णय लेगा। याचिका में हवारा की ओर से कहा गया कि वह पिछले 29 वर्षों से लगातार न्यायिक हिरासत में है और यह पहली बार है जब उसने पैरोल की मांग की है। उसकी करीब 80 वर्षीय मां पार्किंसन और डिमेंशिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रही हैं तथा उन्हें लगातार देखभाल की आवश्यकता है।
अधिकांश आपराधिक मामलों का निस्तारण
याचिका में यह भी कहा गया कि पिता का निधन हो चुका है और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है, इसलिए मां की देखभाल करने वाला परिवार में कोई अन्य सदस्य नहीं है। सुनवाई के दौरान हवारा की ओर से यह भी दलील दी गई कि उसके खिलाफ अधिकांश आपराधिक मामलों का निस्तारण हो चुका है या वह उनमें बरी हो चुका है।
फिलहाल केवल एक विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) ही सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है। ऐसे में मानवीय आधार पर उसे पैरोल दी जानी चाहिए। वहीं, चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से पैरोल याचिका का विरोध किया गया।