विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में ड्रग्स और गैंगस्टर नेटवर्क की NIA जांच की मांग, सुनील जाखड़ ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र

Published: Tue, 27 Oct 2026 11:58 AM (IST)

पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर राज्य में ड्रग्स, ...और पढ़ें

पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़।

पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़।

HighLights

  1. सुनील जाखड़ ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र।

  2. पंजाब में नशा तस्करी, गैंगस्टर नेटवर्क की NIA जांच की मांग।

  3. पाकिस्तान से हथियारों, ड्रग्स की तस्करी की आशंका जताई।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य में नशा तस्करी, गैंगस्टर गतिविधियों और अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी के नेटवर्क की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से कराने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर दो मामलों की समयबद्ध जांच कराने का आग्रह किया है। जाखड़ ने आशंका जताई है कि इन मामलों के तार पाकिस्तान से भारत में नशे और हथियारों की तस्करी से जुड़े हो सकते हैं।

26 अक्टूबर को लिखे पत्र में जाखड़ ने बठिंडा जिले के नथाना थाने में वर्ष 2023 में दर्ज एक मामले का उल्लेख किया है। इस मामले में कुछ लोगों से चार किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। जाखड़ के अनुसार, जांच में सामने आया था कि यह हेरोइन फिरोजपुर जेल में बंद हैरी के कहने पर मंगवाई गई थी। हैरी हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट रहा था और उसके खिलाफ सात अन्य मामले भी दर्ज थे।

यह भी पढ़ें- सुखपाल खैरा के निलंबन और एंट्री विवाद पर पंजाब विधानसभा में हंगामा, मीडिया बाइट को लेकर आप-कांग्रेस विधायक भिड़े

मिलीभगत से पैरोल और फिर फाइल बंद

जाखड़ ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के कुछ लोगों ने फाजिल्का के एसएसपी और डिप्टी कमिश्नर के साथ कथित मिलीभगत कर हैरी को पैरोल पर रिहा करवाने में मदद की। उन्होंने दावा किया कि हैरी अब दुबई से कथित तौर पर तस्करी, फिरौती वसूली और गैंगस्टर गतिविधियां चला रहा है। ये गतिविधियां अबोहर से लुधियाना तक फैली होने का आरोप है। जाखड़ ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने इस मामले की फाइल बंद कर दी है।

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा में कांग्रेस विधायकों को रोकने पर हंगामा, स्पीकर कुलतार संधवां बोले- 'किसी को नहीं रोका जाएगा'

25 किलो हेरोइन बरामदगी का भी जिक्र

जाखड़ ने पत्र में हाल ही में सामने आए एक अन्य मामले का भी उल्लेख किया है। इसमें पंजाब सरकार की एंटी-ड्रोन यूनिट में तैनात कांस्टेबल करम सिंह की गिरफ्तारी और उससे 25 किलोग्राम हेरोइन बरामद होने की बात कही गई है। जाखड़ के अनुसार, करम सिंह ने कथित तौर पर ऐसी 24 अन्य खेपों की व्यवस्था करने की बात भी बताई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नेटवर्क से जुड़े लोग पाकिस्तान से हेरोइन के साथ हथियार भी मंगवा रहे हैं।

जाखड़ ने कहा कि दोनों मामलों में सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी के साथ फिरौती तथा गैंगस्टर गतिविधियों के पहलुओं की जांच जरूरी है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इन मामलों की एनआइए से जांच कराई जाए और इसके लिए समयसीमा तय की जाए।

जाखड़ के मुताबिक, गहन जांच से इस नेटवर्क में शामिल अन्य प्रभावशाली लोगों की पहचान और उनकी भूमिका भी सामने आ सकती है। उन्होंने जल्द से जल्द जांच शुरू करने और निर्धारित समय में पूरी करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- पंजाबी सिंगर व एक्टर दिलजीत दोसांझ आए आगरा, ताजमहल की खूबसूरती पर फिदा