Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में विधायक सुखपाल खैहरा ने की विधानसभा सत्र बढ़ाने की मांग, 6 अहम विधेयकों पर चर्चा की अपील

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 10:18 AM (IST)

    कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने पंजाब विधानसभा सत्र को कुछ और दिनों के लिए बढ़ाने की मांग की है। ...और पढ़ें

    छह विधेयकों पर बहस के लिए विधानसभा सत्र बढ़ाने की मांग (फाइल फोटो)

    छह विधेयकों पर बहस के लिए विधानसभा सत्र बढ़ाने की मांग (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के चल रहे सत्र को कुछ और दिनों के लिए बढ़ाने की मांग कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने की है। खैहरा ने कहा कि सत्र के अंतिम कार्य दिवस पर छह महत्वपूर्ण विधेयकों को बिना पर्याप्त चर्चा के पारित करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ न्याय नहीं होगा।

    उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां से सत्र की अवधि बढ़ाने और विधेयकों पर पर्याप्त चर्चा सुनिश्चित करने की अपील की। खैहरा ने कहा कि विधानसभा के आधिकारिक विधायी कामकाज में छह नए विधेयक विचार के लिए रखे गए हैं।

    इनमें तीन डिजिटल यूनिवर्सिटी, जीएसटी, आउटसोर्स कर्मचारियों एवं संविदा नियुक्तियों तथा साझा ढांचे से संबंधित विधेयक शामिल हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभाव वाले कानूनों की अंतिम दिन पर्याप्त जांच और चर्चा कैसे संभव होगी।

    खैहरा ने कहा कि विधायकों को विधेयकों का अध्ययन करने, संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श करने और जरूरत पड़ने पर संशोधन प्रस्तावित करने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। खैहरा ने कि यदि सरकार इन विधेयकों को पंजाब के हित में मानती है तो उसे विधानसभा सत्र बढ़ाने में संकोच नहीं करना चाहिए। महत्वपूर्ण विधायी प्रस्तावों को पर्याप्त चर्चा के बिना पारित करने के बजाय सरकार को सदन में इनके सभी पहलुओं पर विचार करना चाहिए।