अमेरिका भेजने के नाम पर 87 लाख की ठगी, पति-पत्नी के लिए सपनों का सफर बना धोखे का जाल; मोहाली में FIR
दंपती को अमेरिका भेजने के नाम पर दो ट्रैवल एजेंटों ने 87 लाख रुपये की ठगी की। मोहाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अंबाला के एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी का ...और पढ़ें

अंबाला के ट्रैवल एजेंटों के जाल में फंसा दंपती। अमेरिका के नाम पर गंवा बैठा लाखों रुपये।
HighLights
स्पाउस वीजा पर अमेरिका जाना चाहता था दंपती।
रिश्तेदार के झांसे में आकर गंवा बैठे 87 लाख रुपये।
अमेरिका भेजने के बजाय दूसरे देशों में घूमाया।
संवाद सहयोगी, लालड़ू (मोहाली)। अमेरिका भेजने के नाम पर दंपती से 87 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। पति-पत्नी के लिए सपनों का सफर बना धोखे का जाल बन गया। शिकायत पर पुलिस ने अंबाला निवासी दो ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गांव जोलां खुर्द निवासी गुरप्रीत सिंह ने एसएसपी मोहाली को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी अमनप्रीत कौर के साथ स्पाउस वीजा के माध्यम से अमेरिका जाना चाहता था। वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात पत्नी के रिश्तेदार गुरजीत सिंह से हुई, जिसने खुद को कानूनी तरीके से विदेश भेजने वाला ट्रैवल एजेंट बताया।
गुरजीत ने भरोसा दिलाया कि वह 80 लाख रुपये में वैध प्रक्रिया के तहत अमेरिका पहुंचा देगा। रकम लेने के बाद अमेरिका भेजने के बजाय उन्हें अलग-अलग देशों में घुमाया और लगातार झूठे आश्वासन देकर समय बिताते रहे। इस दौरान गुरजीत सिंह और उसके साथी सरबजीत सिंह ने विभिन्न किस्तों में कुल 87 लाख रुपये वसूल लिए।
लंबे समय तक अमेरिका भेजने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई और गुरजीत और सरबजीत की नीयत पर शक हुआ। इसके बाद दंपती ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से कराई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी मोहाली के निर्देश पर पुलिस ने अंबाला के गांव चोर मस्तपुर निवासी गुरजीत सिंह उर्फ जीतू और गांव स्यामड़ू निवासी सरबजीत सिंह उर्फ गुंगा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। दोनों फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।