मोहाली में हनीट्रैप गैंग के जाल में फंसा बुजुर्ग, महिला ने मैसेज पर मीठी-मीठी बातें की, फिर साथियों संग मिल दो लाख व कार लूटी
जीरकपुर में एक सेवानिवृत्त कर्मचारी हनीट्रैप गिरोह का शिकार हो गया। महिला ने ऑनलाइन दोस्ती कर उसे घर बुलाया और साथियों संग मिलकर झूठे केस की धमकी देकर ...और पढ़ें

एक बुजुर्ग को महिला ने पहले बातचीत के बहाने अपने संपर्क में लिया और फिर सुनियोजित तरीके से उसे लूट लिया।
HighLights
सेवानिवृत्त कर्मचारी ऑनलाइन दोस्ती के जाल में फंसा।
झूठे केस का डर दिखाकर दो लाख व कार छीनी।
मुख्य आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। जीरकपुर में इंटरनेट मीडिया और मोबाइल मैसेजिंग के माध्यम से लोगों को फंसाने वाले हनीट्रैप गिरोह का मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग को महिला ने पहले बातचीत के बहाने अपने संपर्क में लिया और फिर सुनियोजित तरीके से घर बुलाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये और कार लूट ली।
पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित सरकारी विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी है। कुछ दिन पहले उसके वॉट्सएप पर गगनदीप कौर नाम की महिला के लगातार संदेश आने लगे।
महिला ने बुजुर्ग को अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसाया। बातचीत बढ़ने के बाद बुजुर्ग को जीरकपुर बुलाया। महिला अपने घर ले गई, जहां उसका पति लखविंदर सिंह पहुंचा और दोनों ने आपसी झगड़े का नाटक किया। इसी दौरान अन्य आरोपित भी मौके पर पहुंचे।
आरोपितों ने बुजुर्ग को घेरकर महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में फंसाने और पुलिस केस दर्ज कराने की धमकी देकर उससे पर्स, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और कार की चाबी छीन ली। इसके बाद आरोपित उसे एटीएम ले गए और खाते से दो लाख रुपये निकलवा लिए। वारदात के बाद आरोपितों ने शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर उसे छोड़ दिया।
खबरें और भी
जीरकपुर थाना पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मुख्य आरोपित लखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान आरोपित से पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।