युवक-युवती की जोड़ी करती थी लूटपाट, मोहाली पुलिस ने किया गिरफ्तार; तीसरा साथी फरार
मोहाली पुलिस ने राहगीरों को निशाना बनाने वाले लुटेरे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटी गई स्विफ्ट कार, ...और पढ़ें

पुलिस ने कोर्ट में पेश कर आरोपितों को रिमांड पर लिया।
HighLights
युवक-युवती से लूटी गई कार, एक्टिवा, नकदी बरामद।
दोनों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य से हुई गिरफ्तारी।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। ढकोली थाना पुलिस ने राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले युवक-युवती को गिरफ्तार किया है। जीरकपुर के स्वास्तिक विहार का रहने वाला रोहित शर्मा और पंचकूला के सेक्टर-21 की रहने वाली तबस्सुम की गिरफ्तारी के बाद अब इनके तीसरे साथी की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पंजाब नंबर की मारुति स्विफ्ट कार और हरियाणा नंबर की एक्टिवा स्कूटर बरामद की है। शिकायतकर्ता से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, 10 हजार रुपये नकद और वारदात से संबंधित अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड के दौरान फरार तीसरे आरोपित के ठिकाने के बारे में पूछताछ की जा रही है।
ढकोली थाना प्रभारी सतनाम सिंह ने बताया कि 14 जुलाई को श्याम नगर निवासी साजन ने शिकायत दी थी कि वह पंचकूला में आयोजित एक समारोह में कॉफी मशीन लगाने के बाद देर रात कार से घर लौट रहा था। रास्ते में उसे रोक लिया और लूटपाट कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस नेमामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर रोहित और तबस्सुम की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपित मारुति स्विफ्ट कार में एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने वाहन में पेट्रोल भरवाया, लेकिन भुगतान किए बिना फरार हो गए। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी आरोपितों तक पहुंचने में पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग बनी।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपितों का यह गिरोह ट्राईसिटी और आसपास के क्षेत्रों में हुई लूटपाट तथा छीना-झपटी की अन्य वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। पुलिस को पूछताछ के दौरान कई अन्य मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।