मोहाली के गुरुद्वारे में हंगामा, उत्तराखंड से रिहा होकर लौटे निहंगों के स्वागत समारोह में निहंग पर हमले की कोशिश; हमलावर की पिटाई
मोहाली के गुरुद्वारा सिंह शहीदां में निहंगों के स्वागत समारोह के दौरान एक युवक ने बाबा जसदीप सिंह पर हमला करने की कोशिश की। हमलावर को तुरंत पकड़ लिया ...और पढ़ें
HighLights
मोहाली गुरुद्वारे में निहंग बाबा जसदीप सिंह पर हमले का प्रयास।
उत्तराखंड विवाद से लौटे निहंगों के स्वागत समारोह में घटना।
हमलावर को निहंगों ने पकड़ा, बाबा जसदीप सिंह सुरक्षित रहे।
जागरण संवाददाता, मोहाली। उत्तराखंड के कर्णप्रयाग मारपीट मामले में जमानत मिलने के बाद पंजाब लौटे निहंगों के स्वागत समारोह में रविवार को हंगामा हो गया। घटना मोहाली के सोहाना स्थित गुरुद्वारा सिंह शहीदां की है।
कार्यक्रम के दौरान एक युवक निहंग बाबा जसदीप सिंह के पास पहुंचा और उन पर हमला करने की कोशिश की। अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद निहंगों और संगत ने तुरंत युवक को पकड़ लिया।
युवक की पिटाई की गई। धक्का-मुक्की में युवक के कपड़े भी फट गए। कुछ देर तक गुरुद्वारा परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही सोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महौल शांत कराया।
कर्णप्रयाग मारपीट मामले में गिरफ्तार चार निहंगों को शनिवार को अदालत से जमानत मिली थी। उनके पंजाब लौटने पर मोहाली के गुरुद्वारे में स्वागत समारोह रखा गया था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले भी रास्ते में कुछ लोगों और निहंगों के बीच कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि एक युवक ने गाली-गलौज की और कृपाण छीनने की कोशिश की। मामला यहीं शांत नहीं हुआ, बल्कि वह युवक गुरुद्वारे पहुंच गया, जिसके बाद मामला बढ़ गया। उधर, बाबा जसदीप सिंह ने कहा कि वह इस तरह की घटनाओं से वह डरने वाले नहीं हैं। हमला करने की कोशिश करने वाले व्यक्ति की उन्हें पहचान नहीं है।
मोहाली सिटी-2 के डीएसपी हरसिमरत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत गुरुद्वारा पहुंच गई थी। मामले में किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर बनती करवाई की जाएगी। फिलहाल मामला पूरी तरह शांतिपूर्ण है।