चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित Nik Baker's की थाई करी में निकला कीड़ा, फूड सेफ्टी टीम ने काटा चालान
चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित निक बेकर्स में ग्राहकों को थाई करी में कीड़ा मिला, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की फूड ...और पढ़ें

खाने में कीड़ा मिलने पर भड़कीं महिला ग्राहक।
HighLights
निक बेकर्स, सेक्टर-7 चंडीगढ़ की थाई करी में कीड़ा मिला
फूड सेफ्टी टीम ने मौके पर पहुंचकर आउटलेट का निरीक्षण किया
किचन और साफ-सफाई की जांच कर टीम ने चालान काटा
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-7 स्थित निक बेकर्स के आउटलेट में परोसी गई थाई करी में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। महिला ग्राहकों ने खाने में कीड़ा मिलने की शिकायत की।
शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग के फूड सेफ्टी विंग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आउटलेट का निरीक्षण किया। टीम ने किचन, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की।
जानकारी के अनुसार, महिला ग्राहक निक बेकर्स के आउटलेट पर खाना खाने पहुंची थीं। उन्होंने थाई करी का आर्डर किया। खाना खाते समय उन्हें उसमें कीड़ा दिखाई दिया।
इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी आउटलेट के कर्मचारियों को दी और मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से की। शिकायत मिलने के बाद फूड सेफ्टी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
फूड इंस्पेक्टर सुखविंदर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने आउटलेट का निरीक्षण किया है। खाद्य पदार्थों के रखरखाव और किचन की स्वच्छता समेत अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई है।
मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर विभाग की ओर से लगातार निरीक्षण किया जाता है।

टीम ने आउटलेट में खाद्य सामग्री किस तरह रखी जा रही है, किचन में साफ-सफाई की स्थिति कैसी है और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की। मामले में विभाग की विस्तृत रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।
खाने में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद आउटलेट की खाद्य गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। हालांकि, विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि थाई करी में कीड़ा कैसे पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी है।
