NRI पति और मां पर मोहाली में FIR, शादी के कुछ समय बाद अमेरिका लौटा, पत्नी बोली-मेरी तरह दो और को धोखा दिया
एनआरआई पति हरप्रीत सिंह और उसकी मां हरिंदर कौर पर मोहाली में दहेज मांगने, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने का मामला दर्ज किया गया है। पत्नी अमनदीप कौर ...और पढ़ें

विवाह के बाद पति शराब के नशे में मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
HighLights
एडीजीपी एनआरआई विंग के निर्देश पर केस दर्ज, जांच शुरू।
दहेज मांगने, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का आरोप।
फतेहगढ़ साहिब के गांव भटेड़ी का रहने वाला है आरोपित।
जागरण संवादाता, मोहाली। शादी के कुछ ही समय बाद पत्नी को मायके छोड़कर अमेरिका चले जाने, दहेज की मांग करने और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने के आरोप में एनआरआई थाना मोहाली पुलिस ने एनआरआई पति और उसकी मां के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायत की जांच के बाद एडीजीपी, एनआरआई विंग पंजाब की मंजूरी मिलने पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। इस संबंध में खरड़ के गांव माजात निवासी अमनदीप कौर ने शिकायत दी थी।
अमनदीप ने बताया कि उसका विवाह 9 फरवरी 2026 को फतेहगढ़ साहिब के गांव भटेड़ी निवासी ओर अमेरिका में रह रहे हरप्रीत सिंह के साथ सिख रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह से पहले ही ससुराल पक्ष ने आलीशान शादी और महंगी कार की मांग रखी।
परिवार ने उनकी मांग पूरी करने के लिए 18 लाख रुपये नकद दिए, सोने के आभूषण भेंट किए और शादी पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च किए। शिकायत के अनुसार विवाह के बाद पति शराब के नशे में मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
खबरें और भी
इलाज के बाद शरीर पर बने एक निशान को लेकर भी उस पर झूठे आरोप लगाए गए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सास के अलावा जेठ और जेठानी भी उसे लगातार परेशान करते रहे। कुछ समय बाद पति उसे मायके छोड़कर अमेरिका लौट गया और वहां पहुंचने के बाद अपना मोबाइल नंबर भी बदल लिया।
पीड़िता का आरोप है कि जब वह दोबारा ससुराल पहुंची तो उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि बाद में उसे पता चला कि उसके पति ने पहले भी दो अन्य युवतियों से विवाह कर इसी तरह रिश्ते खत्म कर दिए थे। उसने आरोप लगाया कि उसके साथ धोखा किया गया और उसे न्याय दिलाया जाए।
मामले की प्रारंभिक जांच एनआरआई थाना मोहाली ने की। जांच रिपोर्ट के आधार पर एडीजीपी, एनआरआई विंग पंजाब ने मुकदमा दर्ज करने की अनुमति दी। इसके बाद थाना एनआरआई, एसएएस नगर में हरप्रीत सिंह और उसकी मां हरिंदर कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की धारा 85, 316(2) और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई।
पुलिस ने मामले की जांच एएसआई सुरजीत सिंह को सौंपी है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।