लगातार लग रहे पावर कटों का बड़ा असर! पंजाब सरकार ने लिया सख्त फैसला, बिजली विभाग के प्रमुख बदले
गहराते बिजली संकट और पावर कटों के बीच सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी से पावर विभाग छीनकर नए अफसर को कमान सौंपी गई है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान।
HighLights
पंजाब में बिजली संकट के कारण प्रशासनिक फेरबदल।
बसंत गर्ग से बिजली विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई।
गुरकीरत कृपाल सिंह बने नए बिजली विभाग प्रमुख।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में बिजली संकट के बीच प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने 2005 बैच के आइएएस अधिकारी बसंत गर्ग से बिजली विभाग समेत पावर निगमों की जिम्मेदारी वापस ले ली है। उनकी जगह 2001 बैच के वरिष्ठ आइएएस अधिकारी गुरकीरत कृपाल सिंह को बिजली विभाग और पावर निगमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गुरकीरत कृपाल सिंह अब पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसटीसीएल) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
पंजाब के राज्यपाल की मंजूरी के बाद मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से जारी आदेश के अनुसार दोनों अधिकारियों के विभागों में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया गया है। बसंत गर्ग को अब प्रशासनिक सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग नियुक्त किया गया है। इसके साथ उन्हें पूंजी प्रोत्साहन विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग प्रोत्साहन विभाग के प्रशासनिक सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग, जालंधर में बाल्टियां लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं; लेदर कॉम्प्लेक्स रोड पर लगा जाम
बिजली संकट के बीच बदली जिम्मेदारी
बसंत गर्ग के पास इससे पहले बिजली विभाग के साथ-साथ पावर निगमों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी। राज्य में लंबे बिजली कट और बिजली आपूर्ति को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सरकार को घेरा जा रहा है। इसी बीच पावर विभाग की कमान बदलने के फैसले को अहम माना जा रहा है। हालांकि सरकारी आदेश में फेरबदल को प्रशासनिक जरूरत बताते हुए किसी अधिकारी के कामकाज पर टिप्पणी नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- कागजों में बच्चे, जेब में फंड! मजीठिया ने संगरूर के स्कूलों में उठाया फर्जीवाड़े का मुद्दा, जांच की रखी मांग
नए अफसर के सामने बड़ी चुनौतियां
दूसरी ओर, गुरकीरत कृपाल सिंह के पास अब सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी के साथ बिजली विभाग तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत विभाग का अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। इसके अलावा उन्हें दोनों पावर निगमों के सीएमडी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
आदेश में संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां तत्काल संभालने के निर्देश दिए गए हैं। पावर निगमों की कमान बदलने के बाद अब बिजली संकट से निपटने, आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर करने और विभागीय स्तर पर लंबित मामलों को गति देने की चुनौती गुरकीरत कृपाल सिंह के सामने होगी।
