बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग, जालंधर में बाल्टियां लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं; लेदर कॉम्प्लेक्स रोड पर लगा जाम
जालंधर के लेदर कॉम्प्लेक्स रोड पर पेयजल संकट से परेशान लोगों ने खाली बर्तन लेकर सड़क जाम की। गंदे पानी ...और पढ़ें

सड़क पर प्रदर्शन करती हुई महिलाएं।
HighLights
लेदर कॉम्प्लेक्स रोड पर पेयजल संकट के खिलाफ प्रदर्शन।
निवासियों ने खाली बाल्टियों के साथ सड़क जाम की।
AAP पार्षद ने पानी आपूर्ति सामान्य करने का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के लेदर कॉम्प्लेक्स रोड पर सोमवार दोपहर को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पेयजल संकट से तंग आ चुके सैकड़ों इलाका निवासी सड़कों पर उतर आए। हाथों में खाली बाल्टियां, पतीले और बर्तन थामे महिलाओं और पुरुषों ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।
सड़क पर प्रदर्शन शुरू होते ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक यातायात बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पीने के पानी की बूंद-बूंद के लिए हाहाकार मचा हुआ है। रोजमर्रा के कामों के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन को बार-बार शिकायतें भेजने के बाद भी कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।
जब पानी की किल्लत बढ़ी तो निगम ने राहत के नाम पर पानी के टैंकर भेजे, लेकिन उनमें से आने वाला पानी इतना बदबूदार और गंदा है कि उसे पीना तो दूर, हाथ-मुंह धोना भी मुश्किल है। गंदे पानी के प्रयोग से इलाके में बीमारियां फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- मासूमों की थाली से राशन गायब, पंजाब की आंगनवाड़ियों में राशन संकट पर बरसे सांसद सुखजिंदर रंधावा
आप पार्षद ने आकर किया भीड़ कां शांत
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय आम आदमी पार्टी के नेता और वार्ड पार्षद गुरजीत सिंह घुम्मण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र हो रही भीड़ को शांत कराया और उनकी शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनीं।
घुम्मण ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि क्षेत्र में पहले पानी की मोटरें खराब हो गई थीं, जिन्हें तुरंत ठीक करवा दिया गया था। हालांकि, अब बार-बार लग रहे बिजली के कटों की वजह से वॉटर सप्लाई सुचारू रूप से काम नहीं कर पा रही है। इस समस्या को जल्द दूर करने के लिए बिजली विभाग के आला अधिकारियों से सीधी बातचीत की गई है।
यह भी पढ़ें- फिरोजपुर में बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान पर भड़का वाल्मीकि समाज, 2 घंटे बंद रहा रेलवे पुल
आबादी बढ़ने से बढ़ी मांग
उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की आबादी तेजी से बढ़ने के कारण पानी की मांग भी बढ़ी है, जिसके लिए वार्ड में नए ट्यूबवेल लगवाए जा चुके हैं। पार्षद ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वासन दिया कि शाम तक पानी की सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी और टैंकरों के गंदे पानी की गुणवत्ता की जांच भी तुरंत कराई जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद ही लोगों ने धरना समाप्त किया।
