विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा, बड़ी घोषणाएं कर चुनावी शंखनाद कर सकते हैं PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी का जालंधर दौरा पंजाब भाजपा को नई ऊर्जा देगा, जहां वे 125 करोड़ की लागत से बने छावनी स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और गुरु रविदास एक्सप्रे ...और पढ़ें
-1784227932847_m.webp)
विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का पंजाब दौरा। फाइल फोटो
HighLights
पीएम मोदी जालंधर छावनी स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।
गुरु रविदास एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
यह दौरा पंजाब भाजपा को चुनावी मजबूती देगा।
रमनजीत सिंह मणकू, चंडीगढ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुक्रवार को जालंधर दौरा पंजाब भाजपा को नई ऊर्जा देगा। 125 करोड़ की लागत से एयरपोर्ट जैसे लुक में तैयार हुए जालंधर छावनी स्टेशन का उद्घाटन करने पहुंच रहे पीएम के दौरे को लेकर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह है। वह गुरु रविदास जी के नाम से छेहरट-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी देकर रवाना भी करेंगे।
चूंकि पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक है, ऐसे में यह दौरा पंजाब भाजपा में नई ऊर्जा भरेगा और चुनावी तैयारियों में जुटे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगा। एक तरफ कांग्रेस जहां गुटबाजी में उलझी है और पार्टी नेतृत्व को लेकर संकट खड़ा है, वहीं भाजपा एकजुटता के साथ अभी से चुनावी माहौल के मोड़ में आ गई है। संभावना है कि प्रधानमंत्री कुछ और घोषणाएं करके पंजाब में भाजपा का चुनावी शंखनाद कर सकते हैं।
अगले साल होने वाला है चुनाव
खास बात तय है कि देश की सबसे अधिक दलित आबादी वाले पंजाब, और पंजाब में भी दलित जनसंख्या की अधिकता वाले दोआबा क्षेत्र के केंद्र जालंधर में प्रधानमंत्री की आमद को भाजपा की पंजाब चुनाव की तैयारियों से जोड़ कर देखा जा रहा है।
यह दौरा इसलिए भी अहम हो जाता है क्योंकि प्रधानमंत्री के साथ-साथ इसी समयांतर के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पंजाब में भाजपा की राजनीतिक जमीन का अंदाजा लगाकर जा चुके हैं।
खबरें और भी
पंजाब भाजपा द्वारा प्रधानंत्री के इस दौरे के लिए सभी 117 विधानसभा सीटों को टच करते हुए बूथ स्तर से कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा है और साथ ही कार्यक्रम की विहंगमता प्रचारित करने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा जिन करोडो़ं रुपये की लागत वाले प्रोजेक्टों का शिलान्यास व उद्घाटन किया जाना है, उसकी जानकारी लोगों के साथ साझा करने को कहा गया है। ऐसा करके भाजपा पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा बनाए गए 'भाजपा पंजाब का पैसा रोकती है' वाले नैरेटिव खत्म करना चाहती है।
करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की देंगे सौगात
भाजपा यह दर्शाने के प्रयास में भी है कि प्रधानमंत्री जब भी पंजाब आते हैं तो करोड़ों रुपये के बुनियादी ढांचागत विकास प्रोजेक्ट लेकर आते हैं। कहा जा सकता है कि भाजपा के लिए प्रधानमंत्री का यह दौरा “दिखने में धार्मिक, मकसद में राजनीतिक” जैसा है।
भाजपा पंजाब में दलित, खासकर रविदासिया भाईचारे की वोटों को एकजुट करने की कोशिश कर रही है जो अब तक कांग्रेस या पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी की तरफ झुकाव वाला रहा था।
यही नहीं भाजपा की तरफ से सप्ताह में तीन दिन चलने वाली गुरु रविदास के नाम से एक्सप्रेस ट्रेन को गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाशपर्व से पहले “भेंट” के रूप में पेश किया जा रहा है। स्पष्ट है कि भाजपा का पंजाब नेतृत्व ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ता इस मौके को चुनावी तैयारी के रूप में ही देख रहे हैं और पार्टी की टिकटों के चाहवान उसी तत्परता के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
राष्ट्रीय नेतृत्व के छूट रहे पसीने
दूसरी तरफ पंजाब की कांग्रेस पार्टी का हाल सबके सामने है। प्रदेश में नेतृत्व को लेकर बीते तकरीबन दो सप्ताह से शुरु हुई अंतर्कलह न सिर्फ बढ़ी ही है, बल्कि हालात यह है कि इस कलह की वजह से राष्ट्रीय नेतृत्व को भी दिनभर कई-कई बैठकें करके इसका हल निकालने में पसीने छूट रहे हैं। इसी कलह के कारण पैदा हुई धड़ेबंदी नेताओं में ही न रहकर, नेताओं की दूसरी-तीसरी कतार से होते हुए कार्यकर्ता स्तर तक भी जा पहुंची है।
नतीजतन, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में इसी बात को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि आखिरकार उन्हें चुनावी रण में किसके नेतृत्व में लड़ाई लड़नी है। दूसरी भाजपा एकजुटता से साफ संदेश देना चाहती है कि इस बार पंजाब भी हमारा होगा।