पंजाब में चार निकायों के चुनाव की तारीख घोषित, 13 जून को होगा मतदान; 30 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने दीनानगर, गुरदासपुर, कादियां और शाम चौरासी नगर काउंसिल चुनावों की घोषणा कर दी है। 13 जून को मतदान होगा। 30 मई से नामांकन प्रक ...और पढ़ें

पंजाब चुनाव आयोग अयुक्त राज कमल चौधरी।
HighLights
13 जून 2026 को चार नगर काउंसिलों में मतदान।
नामांकन प्रक्रिया 30 मई से 3 जून तक चलेगी।
मतगणना और परिणाम मतदान के तुरंत बाद।
डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने नगर काउंसिल दीनानगर, गुरदासपुर, कादियां और शाम चौरासी के आम चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार इन नगर काउंसिलों के लिए मतदान 13 जून 2026 को कराया जाएगा। चुनाव संबंधी अधिसूचना स्थानीय सरकार विभाग, पंजाब द्वारा पंजाब म्यूनिसिपल एक्ट-1911 की धारा 13-ए के तहत जारी की गई है।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मई 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 3 जून 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद 4 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 5 जून को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।
यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनाव 2026 LIVE: कांग्रेस प्रत्याशी पर हमले से गुस्साए वड़िंग, बोले- कानून-व्यवस्था फेल; गुंडे बेखौफ
शाम 4 बजे तक होंगे चुनाव
आयोग ने बताया कि मतदान 13 जून, शनिवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है। राज्य चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस उम्मीदवार पर हमले से भड़के राजा वड़िंग, मान सरकार को घेरा; दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग
संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बल होंगे तैनात
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे, जबकि मतदान केंद्रों पर भी व्यापक व्यवस्था की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगर काउंसिल क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। आयोग के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक आचार संहिता प्रभावी रहेगी और सभी राजनीतिक दलों तथा उम्मीदवारों को इसके नियमों का पालन करना होगा।