कांग्रेस हाईकमान का फैसला नहीं बदलेगा, भूपेश बघेल का साफ संदेश; पंजाब के असंतुष्ट नेताओं से जल्द होगी मुलाकात
पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर जारी चर्चाओं के बीच भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया कि हाईकमान का फैसला नहीं बदलेगा। असंतुष्ट नेताओं से बातचीत ह ...और पढ़ें

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ भुपेश बघेल।
HighLights
पंजाब कांग्रेस में हाईकमान का फैसला अटल रहेगा।
राजा वड़िंग ही पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे।
भूपेश बघेल असंतुष्ट नेताओं से जल्द मिलेंगे।
राज्य ब्यूरो जागरण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच बुधवार को भी प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकों का दौर जारी रखा। हल्का प्रभारियों, जिला कोऑर्डिनेटरों, कांग्रेस प्रवक्ताओं तथा संगठन के अन्य पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कर उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक के बाद बातचीत में भूपेश बघेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस हाईकमान का फैसला बदलने का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ही पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष बने रहेंगे और पार्टी नेतृत्व द्वारा लिए गए निर्णय को ही लागू किया जाएगा। बघेल ने कहा, यह कोई गुड्डा-गुड़िया का खेल नहीं है। हाईकमान एक बार जो फैसला ले लेता है, कांग्रेस उसी पर आगे बढ़ती है। पार्टी में फैसले वापस लेने की परंपरा नहीं है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में धमाके करने की फिराक में थे बदमाश! 6 हैंड ग्रेनेड व हथियार बरामद, सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क
दोनों नेताओं से कर चुके बातचीत
संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर असंतुष्ट बताए जा रहे पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के संबंध में पूछे गए सवाल पर बघेल ने कहा कि दोनों नेताओं से उनकी बातचीत हो चुकी है और जल्द ही मुलाकात भी होगी। उन्होंने कहा कि वह सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं तथा जरूरत पड़ने पर स्वयं उनके घर जाकर भी मुलाकात करेंगे। उनका कहना था कि पार्टी के भीतर संवाद ही सभी मुद्दों का समाधान है।
बुधवार को कांग्रेस भवन में पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी भूपेश बघेल से मुलाकात की। बैठकों के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, विभिन्न समितियों के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बरनाला में घर में घुसकर हथियारों के बल पर लूट, नकदी व तीन तोले सोना लेकर फरार; 5 आरोपियों पर मामला दर्ज
चन्नी खेमे की बेचैनी बढ़ी
हालांकि, चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ औपचारिक बैठक का समय अभी तय नहीं हो पाया है। इस बीच, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि हाईकमान द्वारा संगठनात्मक फैसलों में किसी भी बदलाव से इनकार किए जाने के बाद चन्नी खेमे की बेचैनी बढ़ गई है।
ऐसे में अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में चन्नी और उनके समर्थक क्या रणनीति अपनाते हैं। वहीं, प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल लगातार बैठकों के जरिए यह संदेश देने में जुटे हैं कि पार्टी नेतृत्व का निर्णय अंतिम है और पूरा संगठन उसी के अनुरूप आगे बढ़ेगा।