मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ पंजाब कांग्रेस के प्रदर्शन पर चला वॉटर कैनन, राजा वड़िंग हिरासत में, चन्नी नदारदद
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और FIR की मांग को लेकर पंजाब कांग्रेस शुक्रवार को चंडीगढ़ में राजा वड़िंग ...और पढ़ें
HighLights
पंजाब कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने FIR और गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन में पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी की अनुपस्थिति दिखी।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
इसके बाद पुलिस ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व में निकले इस विरोध मार्च में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा शामिल नहीं हुए जबकि डॉ राजकुमार वेरका, परगट सिंह समेत कुछ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे।
यह भी पढ़ें- कैप्टन अमरिंदर सिंह का BJP से मोहभंग! कहा- 4 साल में कुछ नहीं मिला, कांग्रेस वापसी और चुनाव लड़ने को लेकर क्या बोले?

दैनिक जागरण की टीम से बातचीत करते हुए विधायक प्रगट सिंह।
वाटर कैनन का किया प्रयोग
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए सेक्टर-17 में सुरक्षा का कड़ा घेरा बनाया था। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें पीछे धकेलना शुरू किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। इसके बाद कई नेताओं को पुलिस वाहनों में बैठाकर थाने ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई थी। कई स्तरों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो और कार्रवाई की जाए। पार्टी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर भी लगातार सवाल उठा रही है।

कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहन पर चढ़े कार्यकर्ता।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर भी सवाल
पंजाब कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भी लगातार सवाल उठा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने विधानसभा चुनाव तक विशेष गहन पुनरीक्षण रोकने और पिछली मतदाता सूचियों के आधार पर चुनाव कराने की मांग की है।
कांग्रेस की ओर से यह प्रदर्शन ऐसे समय किया जा रहा है, जब चुनाव आयोग के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण समेत कुछ प्रक्रियाओं को लेकर आयुक्तों की आपत्तियों की रिपोर्ट सामने आई है। चुनाव आयोग ने कहा है कि तकनीकी टिप्पणियां और सवाल बहुसदस्यीय संस्था की सामान्य कार्यप्रणाली का हिस्सा हैं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े अंतिम निर्णय तीनों आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन से पानी फैंकते हुए चंडीगढ़ पुलिस।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में खत्म होगी गुटबाजी! दिल्ली में एक मंच पर दिखेंगे बड़े नेता; सचिन पायलट की मौजूदगी में बैठक पर नजर
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
प्रदर्शन के दौरान सेक्टर-17 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बनी रही। नेताओं की हिरासत के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
चन्नी की गैराहजरी पर उठे सवाल
सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने के बाद ये दूसरा सबसे बड़ा प्रदर्शन है। उनकी नियुक्ति पार्टी के भीतर कलह को शांत करने व सभी नेताओं को एक मंच पर लाने की है। कुछ दिन पहले मंत्री हरपाल सिंह चीमा के निवास को घेरने के दौरान सचिन पायलट सभी नेताओं को एक मंच पर लाने में सफल तो रहे, लेकिन राजा वडिंग के नेतृत्व में हो रहे इस प्रदर्शन में कांग्रेस के सीनियर नेता एक बार फिर दूर-दूर नजर आ रहे हैं।
