Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NH-44 पर बस से उतरे दो युवक, पुलिस देख बैग खेत में फेंका; उत्तर प्रदेश से आई नशे की खेप बरामद

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 06:48 PM (IST)

    नेशनल हाईवे-44 पर दो युवक नशे की गोलियों के साथ पकड़े गए। दप्पर टोल प्लाजा के पास पुलिस को देख युवकों ने बैग खेत में फेंक दिए। तलाशी लेने पर बैंगों मे ...और पढ़ें

    नशे की गोलियों के साथ पटियाला निवासी युवक गिरफ्तार।

    नशे की गोलियों के साथ पटियाला निवासी युवक गिरफ्तार।

    HighLights

    1. दप्पर टोल प्लाजा पर 31 हजार लोमोटिल गोलियां जब्त।

    2. उत्तर प्रदेश से पंजाब लाई जा रही थी नशे की खेप।

    3. दो आरोपित गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

    संवाद सहयोगी,लालडू (मोहाली)। हरियाणा रोडवेज की बस से नशीली गोलियां लेकर पहुंचे दो युवकों को लालड़ू पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 (एनएच-44) पर दप्पर टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है।

    उनके कब्जे से 31 हजार लोमोटिल की नशे की गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित उत्तर प्रदेश के बनारस से यह खेप लेकर आए थे और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।

    पुलिस टीम दप्पर टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा रोडवेज की एक बस से दो युवक उतरे। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए और तेज कदमों से लालड़ू की ओर बढ़ने लगे। उन्होंने अपने पास रखा बैग खेतों में फेंक दिया।

    शक होने पर पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों की पहचान पटियाला के गांव घड़ामा निवासी वरिंदर सिंह और गांव खूहा निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई।

    खेत में फेंके गए बैग की तलाशी लेने पर उसमें लोमोटिल की 31 हजार गोलियां मिलीं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ लालड़ू थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

    प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे यह खेप बनारस से लेकर आए थे और पंजाब के आसपास के इलाकों में बेचने वाले थे। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

    अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।