विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मैं डरता नहीं... अकाली दल कुर्बानी देने को तैयार'; नांदेड़ में हमले के बाद आया सुखबीर बादल का बयान

Updated: Fri, 14 Aug 2026 02:37 PM (IST)

महाराष्ट्र के नांदेड़ में कृपाण से हुए हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।

HighLights

  1. नांदेड़ में सुखबीर बादल पर कृपाण से हुआ था हमला

  2. हमले में उनके हाथ में चोट भी आई है

  3. बादल ने कहा- पंजाब में शांति भंग नहीं होने देंगे

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़/मुंबई। महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब गुरुद्वारे के निकट खुद पर हुए हमले के एक दिन बाद शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष एवं पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और ऐसी ताकतों से कभी नहीं डरेंगे जो पंजाब और देश की शांति को भंग करना चाहती हैं। शुक्रवार को नांदेड़ के यशोसाईं अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।

दाहिने हाथ की सर्जरी के बाद अस्पताल से बाहर आए सुखबीर बादल ने मुस्कुराते हुए मीडिया का अभिवादन किया। सीढ़ियों से उतरते हुए उन्होंने कहा की मैं बिल्कुल ठीक महसूस कर रहा हूं। मैं न तो इन हमलों से डरता हूं और न ही कभी डरा हूं। उनके इस बयान को समर्थकों ने साहस और दृढ़ता का संदेश बताया।

हमले के पीछे की मंशा पर सवाल उठाए जाने पर बादल ने कहा कि कुछ ताकतें पंजाब और देश में शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं। उनका उद्देश्य पंजाब के माहौल पर नियंत्रण स्थापित करना है, लेकिन शिरोमणि अकाली दल उनके रास्ते में खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे तत्व पंजाब के भाईचारे और सामाजिक सौहार्द्र को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।

इस दौरान सुखबीर बादल ने अपने दिवंगत पिता एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी भी ऐसी विभाजनकारी ताकतों के साथ समझौता नहीं किया। उन्होंने हमेशा पंजाब में सांप्रदायिक सद्भाव, भाईचारे और शांति को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने कहा कि वह भी उसी विरासत और विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।

सुखबीर बादल ने इस बात पर दुख व्यक्त किया कि उन्हें दोनों बार सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों पर निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले उन पर अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में हमला हुआ था और अब नांदेड़ के तख्त श्री हजूर साहिब में हमला किया गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को हिंसा और राजनीतिक दुर्भावना से दूर रखा जाना चाहिए।

अकाली दल प्रमुख ने दोहराया कि उनकी पार्टी पंजाब के भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल किसी भी कीमत पर पंजाब की शांति को भंग नहीं होने देगा और समाज में सद्भाव बनाए रखने के लिए संघर्ष जारी रखेगा। उधर, उनका इलाज करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि हमले में घायल हुए सुखबीर बादल के दाहिने हाथ की सफल सर्जरी की गई है।

करीब 90 मिनट तक चली इस शल्य चिकित्सा के बाद उनकी स्थिति स्थिर रही। डॉक्टरों के अनुसार स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने के कारण शुक्रवार दोपहर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

बता दें कि गुरुवार को नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब परिसर में सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से हमला किया गया था। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें- 'आपकी बहादुरी को नहीं भुलाया जाएगा...', सुखबीर बादल की जान बचाने वाले इंस्पेक्टर से मिलकर भावकु हुईं हरसिमरत कौर

यह भी पढ़ें- सुखबीर बादल पर हमले के बाद भड़का अकाली दल, हाई कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग