सुखबीर बादल पर हमले के बाद भड़का अकाली दल, हाई कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
शिरोमणि अकाली दल ने नांदेड़ गुरुद्वारा साहिब में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की हाईकोर्ट की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

शिरोमणि अकाली दल ने बादल पर नांदेड़ में हुए कायराना हमले की हाई कोर्ट की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
HighLights
अकाली दल ने सुखबीर बादल पर हमले की जांच मांगी
नांदेड़ गुरुद्वारा साहिब में हुआ था कायराना हमला
खुफिया तंत्र की नाकामी और साजिश की जांच हो
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल ने आज पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ के गुरुद्वारा साहिब में हुए कायराना कातिलाना हमले की हाईकोर्ट की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में खुफिया तंत्र और सुरक्षा एजेंसियों की नाकामी तथा इस घिनौने अपराध के पीछे साजिश के सभी पहलुओं की गहराई से जांच हो।
यहां पार्टी के वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भूंदड़, डॉ. दलजीत सिंह चीमा और एडवोकेट अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि जब भी अकाली दल का वर्चस्व बढ़ता है तो ऐसी विरोधी ताकतें पंथ को नेता विहीन बनाने के लिए ऐसे घिनौने हमले शुरू कर देती हैं।
हमले को अकाली दल ने बताया साजिश
अकाली नेताओं ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हुआ है, इससे पहले श्री दरबार साहिब कॉम्प्लेक्स में सुखबीर सिंह बादल पर गोली दागकर कातिलाना हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि अगर उस समय उस घटना की गहराई से जांच की गई होती तो आज की घटना को टाला जा सकता था।
उन्होंने मांग की कि अब आज की घटना की होने वाली जांच में अमृतसर हमले के साथ-साथ पूरी साजिश की जांच भी शामिल होनी चाहिए ताकि यह पता चल सके कि सुखबीर सिंह बादल को खत्म करने और अकाली दल को कमजोर करने की असल साजिश क्या है।
आप और कांग्रेस नेताओं द्वारा हमले पर राजनीति करने की निंदा की
डॉ. चीमा ने आम आदमी पार्टी नेताओं के साथ-साथ पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को भी कड़ी फटकार लगाई, जिन्होंने इस हमले को बरगाड़ी बेअदबी और बहबल कलां फायरिंग केसों से जोड़कर इसका राजनीतिकरण करने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा स्पीकर कुलतार संधवां समेत इन लोगों ने गैर-जिम्मेदाराना ट्वीट किए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि ये पीड़ित की जगह हमलावर के साथ खड़े हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब बादल पर श्री दरबार साहिब में हमला हुआ था तब भी आम आदमी पार्टी सरकार ने ऐसा ही किया था।
डॉ. चीमा ने कहा कि अब एक बार फिर ये लोग लोगों को भड़काना चाहते हैं और प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं। अकाली नेता ने कहा कि राजा वड़िंग तो आम आदमी पार्टी सरकार की कठपुतली की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने पंजाबियों से ऐसे तत्वों से सतर्क रहने की अपील की जो आग से खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी हमेशा शांति और आपसी भाईचारे के लिए खड़ी हुई है और हमेशा रहेगी। अकाली नेताओं ने नांदेड़ गुरुद्वारा दरबार साहिब पहुंचे बादल को हमले के दौरान बचाने के लिए अकाल पुरख का शुकराना भी किया। उन्होंने कहा कि यह सब निस्वार्थ सेवा का नतीजा है।

