सीटियां बजाईं, पगड़ी बांधी... नांदेड़ में पुलिस की गाड़ी रोककर सुखबीर बादल के हमलावर का लोगों ने किया सम्मान
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हमले के आरोपी जसपाल सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हमले के बाद लोगों ने जसपाल सिंह को सम्मानित भी किया।
HighLights
सुखबीर बादल पर हमले के आरोपी जसपाल सिंह की पहचान हुई
हमले के बाद वायरल वीडियो में जसपाल सिंह को सम्मानित किया गया
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से जांच कर रही है
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के मामले में हमलावर की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें हमले के आरोपित जसपाल सिंह को सम्मानित किए जाने का दावा किया जा रहा है।
लोगों ने पगड़ी बांधकर आरोपी को सम्मानित किया
वायरल वीडियों में हमला करने वाले आरोपी जसपाल सिंह को लोग पगड़ीं बांधकर सम्मानित कर रहे हैं। वहीं, इस दौरान सीटियां भी बज रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद इसको लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रसारित इस वीडियो की अभी तक शिरोमणि अकाली दल की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अकाली दल की ओर से इस पूरे मामले को लेकर प्रेस वार्ता की जा रही है। इसमें हमले से जुड़े घटनाक्रम और वायरल वीडियो को लेकर स्थिति स्पष्ट किए जाने की संभावना है।
उधर, पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। हमले के दौरान सुखबीर बादल की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी संतोष हेगड़े भी हमलावर को रोकने के प्रयास में घायल हुए थे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

