विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तान-पुर्तगाल से पंजाब तक फैला नशा गिरोह बेनकाब, तकरीबन 448 करोड़ की हेरोइन बरामद

Published: Sat, 18 Apr 2026 01:00 PM (IST)

पंजाब पुलिस ने अमृतसर में 64.62 किलो हेरोइन बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में पाकिस्तान और पुर्तगाल ...और पढ़ें

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव

HighLights

  1. पंजाब में 64.62 किलो हेरोइन बरामद, कीमत 448 करोड़ रुपये।

  2. अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, मूसा मुख्य संचालक।

  3. पाकिस्तान से यूरोप तक फैले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के अभियान के बीच पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग की राज्य विशेष अभियान इकाई अमृतसर ने सीमा पार नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 64.62 किलो हेरोइन बरामद की गई है, जो अब तक की बड़ी बरामदगियों में से एक मानी जा रही है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवन सिंह उर्फ गुज्जर निवासी गांव अवाण वसाऊ और शमशेर सिंह उर्फ शेरा निवासी गांव डायल रंगड़, जिला अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हेरोइन के अलावा एक कार भी जब्त की है, जिसका उपयोग तस्करी के लिए किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें- पंजाब की जेलों में भीड़ बेकाबू, अमृतसर जेल ने कैदी लेने से किया इंकार; संक्रमण का खतरा बढ़ा, हाई कोर्ट सख्त

पुर्तगाल से भी जुड़ रहे तार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान में बैठे तस्करों और पुर्तगाल में सक्रिय संचालकों से जुड़े हुए हैं। डीजीपी ने बताया कि इस गिरोह का संबंध कुख्यात तस्कर मूसा से भी जुड़ा हुआ है, जिसका नाम पहले 532 किलो हेरोइन बरामदगी मामले में सामने आ चुका है। वर्ष 2019 में अटारी सीमा जांच केंद्र पर यह बड़ी खेप पकड़ी गई थी।

अभियान से जुड़े अधिकारी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी कुछ दिन पहले ड्रोन के जरिए सीमा पार से आई हेरोइन की खेप प्राप्त कर चुके हैं और अब उसे आगे सप्लाई करने जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- खेत में ट्रैक्टर बना मौत का कारण, फतेहगढ़ साहिब में खेत में काम कर रहा युवक कुचला गया; इलाज के दौरान दम तोड़ा

सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर के महल बाइपास के पास आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपियों को इस तस्करी के बदले भारी रकम देने का लालच दिया गया था। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

इस संबंध में थाना राज्य विशेष अभियान इकाई अमृतसर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- मानसून से पहले पंजाब सरकार का बड़ा कदम, दरियाओं-नालों से गाद निकालने को मिली हरी झंडी