पंजाब पुलिस के शिकंजे में आया गैंगस्टर बिल्ला, इंडोनेशिया से डिपोर्ट; चार हत्या समेत कई संगीन मामलों में शामिल
पंजाब पुलिस ने छह महीने की अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई के बाद गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया से भारत डिपोर्ट कराया है। उसे मोहाली एयर ...और पढ़ें

गैंगस्टर जोबन बिल्ला को पंजाब पुलिस इंडोनेशिया से लेकर आई।
HighLights
गैंगस्टर जोबन बिल्ला इंडोनेशिया से भारत डिपोर्ट।
डिपार्ट के छह महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई।
विदेश में रहते हुए भी अपने नेटवर्क के संपर्क में था।
जागरण संवाददाता, मोहाली। चार हत्या समेत कई संगीन मामलों में शामिल गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला आखिरकार पंजाब पुलिस के शिकंजे में आ ही गया। वह विदेश में छिपा हुआ था। 6 महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई के बाद उसे भारत लाने में सफलता मिली।
रविवार को इंडोनेशिया से डिपोर्ट कर उसे मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाया गया। यहां कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अमृतसर पुलिस ने गैंगस्टर को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार रविवार शाम एजीटीएफ की टीम गैंगस्टर को लेकर एयरपोर्ट पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। बाहर निकलते ही अमृतसर पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान गैंग्सटर के चेहरे को काले कपड़े से ढक दिया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच उसे अमृतसर ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार गैंगस्टर जोबन बिल्ला लंबे समय से विदेश में रहकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ पंजाब में चार हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि विदेश में रहते हुए भी वह अपने नेटवर्क के संपर्क में था।
तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट से मिला सुराग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गैंगस्टर को भारत लाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। करीब 6 माह तक एजीटीएफ, ओएफटीईसी पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों ने तकनीकी निगरानी, खुफिया इनपुट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय बनाकर कार्रवाई की। इसके बाद इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उसे डिपोर्ट कर भारत लाया गया।
खबरें और भी
विदेशी संपर्कों और गैंग नेटवर्क की होगी पड़ताल
अब जांच का फोकस गैंगस्टर के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और पंजाब में सक्रिय उसके नेटवर्क पर रहेगा। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि विदेश में रहते हुए वह किन लोगों के संपर्क में था, गैंग का संचालन कैसे कर रहा था और किन मामलों में उसकी भूमिका रही है।
इसके अलावा उसके आर्थिक स्रोतों और अन्य फरार साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी। पंजाब पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विदेशों में छिपे गैंगस्टरों को भी कानून के दायरे में लाने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।