विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में बिजली संकट होगा खत्म! CM मान का बड़ा दावा, सभी 5 थर्मल प्लांटों को मिलेगा पर्याप्त कोयला

Published: Mon, 14 Sep 2026 03:18 PM (IST)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि राज्य में बिजली संकट जल्द ही समाप्त हो जाएगा, क्योंकि सभी पांचों थर्मल प्लांटों को पर्याप्त कोयला मिलेगा।

निजी थर्मल प्लांटों को भी मिलेगी सप्लाई।

निजी थर्मल प्लांटों को भी मिलेगी सप्लाई।

HighLights

  1. पंजाब में बिजली संकट खत्म, मुख्यमंत्री मान ने दी राहत की खबर

  2. झारखंड की खदानों से अब सभी थर्मल प्लांटों को मिलेगा कोयला

  3. बंद पड़ी बिजली इकाइयां फिर से शुरू होंगी, आपूर्ति सामान्य होगी

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि प्रदेश में बिजली की समस्या अब खत्म होने वाली है। उन्होंने कहा कि झारखंड की कोयला खदानों में बाढ़ का पानी भरने के कारण कोयले की शॉर्टेज हुई थी, जिसका असर पूरे देश में बिजली उत्पादन पर पड़ा।

पंजाब भी इससे अछूता नहीं रहा, लेकिन अब कोयले की उपलब्धता को लेकर रास्ता साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में उनकी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत हुई है। वह खुद भी दो-चार दिन बाद रांची जाकर हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनका धन्यवाद करेंगे।

उन्होंने कहा कि झारखंड की पचवाड़ा कोयला खदान से मिलने वाला कोयला केवल सरकारी थर्मल प्लांटों में इस्तेमाल किया जा सकता है। पंजाब के दो निजी थर्मल प्लांटों को इस व्यवस्था के तहत कोयला उपलब्ध नहीं हो पा रहा था।

मान ने बताया कि पंजाब सरकार ने कोल इंडिया से अनुरोध किया था कि निजी थर्मल प्लांटों को भी कोयला उपलब्ध करवाया जाए। कोल इंडिया ने इस पर सहमति दे दी है। अब झारखंड सरकार की स्थानीय स्तर पर जरूरी मंजूरी भी मिल गई है। इससे पंजाब के पांचों थर्मल प्लांटों को आने वाले दिनों में पर्याप्त कोयला मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोयले की उपलब्धता बढ़ने के साथ बंद पड़ी बिजली उत्पादन इकाइयों को भी चलाने में मदद मिलेगी और प्रदेश में बिजली की स्थिति सामान्य होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा संकट किसी एक राज्य तक सीमित नहीं था, बल्कि झारखंड की खदानों में बाढ़ के कारण पूरे देश में कोयले की आपूर्ति प्रभावित हुई थी।

मनप्रीत बादल पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मनप्रीत बादल को किसी एक पार्टी में रहना चाहिए, क्योंकि आज बहुत ज्यादा पार्टियां हो गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मनप्रीत बादल आजकल किस पार्टी में हैं।

यह भी पढ़ें- मासूमों की थाली से राशन गायब, पंजाब की आंगनवाड़ियों में राशन संकट पर बरसे सांसद सुखजिंदर रंधावा