पंजाब के 40 कॉलेजों में खुलेंगे संगत क्लब, युवाओं को नशे से बचाने के लिए मिलेगी मेंटल हेल्थ ट्रेनिंग
पंजाब सरकार ने नशे की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए 40 कॉलेजों में संगत क्लब शुरू किए हैं। प्रत्येक कॉलेज के 25 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण मिलेगा।

कार्यक्रम में मौजूद मनीष सिसोदिया और कैबिनेट मिनिस्टर हरजोत बैंस।
HighLights
पंजाब सरकार ने 40 कॉलेजों में 'संगत' क्लब शुरू किए।
युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और नशा मुक्ति पर जोर।
छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य फर्स्ट एड प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने अपनी प्रमुख मुहिम ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ के तहत राज्य के 40 कॉलेजों में ‘संगत’ मानसिक स्वास्थ्य क्लब शुरू किए हैं, इस पहल का उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने को प्रोत्साहित करना और नशीले पदार्थों के सेवन की रोकथाम में मदद करना है।
डिपार्टमेंट ऑफ हायर एजुकेशन द्वारा आदित्य बिरला एजुकेशन ट्रस्ट (ABET) के सहयोग से शुरू की गई इस पहल के माध्यम से कॉलेज परिसरों में ऐसा सहयोगपूर्ण वातावरण तैयार किया जाएगा, जहाँ विद्यार्थी भावनात्मक परेशानी के संकेतों को पहचान सकें, उचित सहायता प्राप्त कर सकें और बिना किसी झिझक या सामाजिक कलंक के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा कर सकें।
क्लबों के शुभारंभ के दौरान, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने क्लब के प्रतिभागियों से बातचीत की और युवाओं को सशक्त बनाने में शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर चर्चा की। इस दौरान नशे से जुड़े मामलों में सामाजिक झिझक और कलंक को कम करने, युवाओं को सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करने तथा नशीले पदार्थों के सेवन की समस्या से निपटने के लिए शिक्षण संस्थानों, परिवारों और साथियों के बीच सहयोग के महत्त्व पर ज़ोर दिया गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब में नशे की गिरफ्त में बचपन, कपूरथला में ड्रग्स पीते बच्चे का Video वायरल; पटियाला में चोरी करते पकड़ा किशोर
नशे की समस्या को खत्म करने के लिए उठाया कदम
मोहाली स्थित प्लाक्षा यूनिवर्सिटी में आयोजित शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि ‘संगत’ जागरूकता, साथियों के सहयोग और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों और नशे की समस्या से निपटने के लिए सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा-
महान योद्धाओं में से एक अर्जुन को भी मानसिक और भावनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ा था, जबकि भगवान श्रीकृष्ण उनके साथ थे। यह हमें याद दिलाता है कि युवाओं को भी सही मार्गदर्शन और मार्गदर्शकों की आवश्यकता होती है। नशा करना गर्व की बात नहीं है; बल्कि गलत संगत में पड़ चुके किसी व्यक्ति को सही रास्ते पर वापस लाने में मदद करना गर्व की बात है। ‘संगत’ की परिकल्पना युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए की गई है, ताकि साथियों के बीच सहयोग को बढ़ावा मिले, मानसिक स्वास्थ्य बेहतर हो और युवा अपने लिए स्वस्थ विकल्प चुन सकें।
प्रयास जारी रखने की जरूरत
आदित्य बिरला एजुकेशन ट्रस्ट और एमपावर की संस्थापक एवं अध्यक्ष नीरजा बिरला ने युवाओं में भावनात्मक परेशानी, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और नशीले पदार्थों के सेवन के बीच संबंधों से निपटने के लिए निरंतर निवारक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियां केवल नशीले पदार्थों के सेवन तक सीमित नहीं हैं।
भावनात्मक स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी बढ़ती चिंताओं के कारण समय रहते हस्तक्षेप करना पहले से कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण हो गया है। एमपावर में कोप के माध्यम से किए जा रहे कार्यों के दौरान हमने देखा है कि भावनात्मक परेशानी, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी अनुपचारित समस्याएँ और नशीले पदार्थों का सेवन एक-दूसरे से जुड़े हो सकते हैं, यह स्थिति निरंतर और निवारक प्रयासों की आवश्यकता को दर्शाती है।
यह भी पढ़ें- Punjab Mandi Bhav: आटा-दाल के दाम स्थिर, सराफा बाजार में गिरावट जारी; त्यौहरों पर गहने खीदने वालों के चेहरे खिले
25 विद्यार्थियों को दिया जाएगा पशिक्षण
इस कार्यक्रम के तहत, प्रत्येक भाग लेने वाले कॉलेज के 25 विद्यार्थियों को 14 घंटे का यूथ मेंटल हेल्थ फर्स्ट एड प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थी भावनात्मक परेशानी के संकेतों को पहचानने, अपने साथियों को शुरुआती स्तर पर सहायता देने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पेशेवर सहायता प्राप्त करने के लिए उचित मार्गदर्शन देने में सक्षम होंगे।
इन क्लबों के माध्यम से कॉलेज परिसरों में मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, भावनात्मक चुनौतियों पर खुलकर बातचीत करने और नशीले पदार्थों के सेवन को हतोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और युवाओं का सहयोग
साथियों के नेतृत्व में होने वाली गतिविधियों और पेशेवर सहायता से जुड़ाव के माध्यम से इस पहल का उद्देश्य समस्याओं की शुरुआती चरण में पहचान करना और कॉलेज परिसरों में ऐसा वातावरण बनाना है, जहां मदद मांगने को प्रोत्साहित किया जाए, न कि इसे सामाजिक कलंक से जोड़ा जाए।
शुभारंभ समारोह में ‘युवा’ के सह-संस्थापक और प्रमुख निखिल तनेजा तथा बॉलीवुड अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने भी भाग लिया, उन्होंने युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और उनके लिए ऐसा वातावरण बनाने के महत्त्व पर चर्चा की, जहाँ उनकी बात सुनी जाए, उन्हें समझा जाए और सहयोग दिया जाए। पंजाबी हास्य कलाकार मनप्रीत सिंह, जिन्हें ‘द कॉमिक सिंह’ के नाम से जाना जाता है, ने भी समारोह में प्रस्तुति दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।