जारी आदेश के अनुसार प्रदेशभर के स्कूलों में पूरे जून महीने तक नियमित शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। विभाग ने यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। पिछले दो दिनों से पंजाब के अधिकांश जिलों में तापमान थोड़ा गिरा है, लेकिन जून का महीना अब तपाएगा। जून के महीने में तापमान लगातार बढ़ेगा कई स्थानों पर लोगों को भीषण गर्मी तथा लू का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में 4 निकायों में चुनाव का बिगुल बजा, 13 जून को मतदान; आज से नामांकन शुरू, आचार संहिता लागू
चेतावनियों को देखते हुए लिया फैसला
मौसम विभाग की ओर से भी कई जिलों में गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की जा चुकी है। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूलों पर भी समान रूप से लागू होगा। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा विभाग के आदेश की प्रतियां स्कूल शिक्षा मंत्री, विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, निदेशकों, जिला शिक्षा अधिकारियों, उप जिला शिक्षा अधिकारियों और अन्य संबंधित कार्यालयों को भेज दी गई हैं। विभाग ने कहा है कि बढ़ती गर्मी के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में सुबह दुस्साहसिक वारदात, होम गार्ड जवान को तलवारों से काटा, फिर राइफल व कारतूस लूट फरार हुए हमलावर
विद्यार्थियों के लिए राहत
इस फैसले से लाखों विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है। अभिभावक लंबे समय से बढ़ती गर्मी के मद्देनजर स्कूलों में छुट्टियां घोषित करने की मांग कर रहे थे। अब सरकार के फैसले के बाद विद्यार्थियों को पूरे महीने घर पर रहकर गर्मी से बचाव का अवसर मिलेगा।
शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार जुलाई महीने से स्कूलों में सामान्य शैक्षणिक गतिविधियां दोबारा शुरू होने की संभावना है। हालांकि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विभाग आगे भी आवश्यक निर्देश जारी कर सकता है।
यह भी पढ़ें- मोगा में सड़क हादसा, कोटकपूरा बाईपास पर सीवरेज के मैनहोल के कारण उछली बाइक, 6 महीने के मासूम की मौत