राहुल के पंजाब दौरे का रोडमैप तैयार, बघेल-वड़िंग की बैठक में फैसला; कर्मचारियों की नाराजगी को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस
कांग्रेस ने राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे की तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसके लिए दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई।

राहुल गांधी के पंजाब दौरे का रोडमैप तैयार, प्रस्ताव जल्द भेजेगी कांग्रेस: भूपेश बघेल। फाइल फोटो
HighLights
राहुल गांधी के पंजाब दौरे की कांग्रेस ने तेज की तैयारियां
दिल्ली में पंजाब कांग्रेस नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई
दौरे में पंजाब सरकार के खिलाफ जनमुद्दे उठाए जाएंगे
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, सह प्रभारी सूरज सिंह ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा मौजूद रहे। यह बैठक एक होटल में हुई। बैठक के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी के पंजाब दौरे को लेकर आज बैठक की गई है।
दौरे को लेकर रोडमैप तैयार कर लिया गया है और अब प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि राहुल गांधी की यात्रा के दौरान पंजाब के राजनीतिक और जनहित से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बघेल ने विशेष रूप से पंजाब सरकार से कर्मचारियों की नाराजगी का मुद्दा उठाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार से कर्मचारी नाखुश हैं और यह मुद्दा भी राहुल गांधी की यात्रा में रखा जाएगा। यानी कांग्रेस राहुल गांधी के दौरे को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे सरकार के खिलाफ जनमुद्दों को उठाने के मंच के रूप में भी इस्तेमाल करने की तैयारी में है।
बैठक में दौरे के संभावित कार्यक्रम, संगठन की तैयारियों और पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई। बघेल ने कहा कि बैठक में रोडमैप पर विचार-विमर्श किया गया है और अब इसे प्रस्ताव के रूप में आगे भेजा जाएगा। राहुल गांधी के पंजाब दौरे को लेकर अंतिम कार्यक्रम प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद तय होने की संभावना है।
